गांव भगवानपुर में बुधवार देर रात दो गुटों के बीच जमीन को लेकर खूनी संघर्ष हो गया। इसमें कई लोग घायल हो गए। एक गुट ने गांव भगवानपुर में बाबैन- कुरुक्षेत्र रोड पर महिलाओं सहित कई लोगों ने करीब एक घंटा जाम लगाकर कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए। बाबैन पुलिस ने मौके पर एंबुलेंस भेजकर घायलों को लाडवा के सरकारी अस्पताल में पहुंचाया।
नंद किशोर ने 30 मई को बाबैन थाना में दी गई शिकायत में बताया था कि गांव भगवानपुर के रणदीप, सरनदीप, प्रदीप, दुष्यंत, बलदेव, गूंगा आदि लोगों ने उनके खेत में बने ट्यूबवेल का ताला तोड़कर उसमें लगे स्टार्टर, बिजली की केबल, ग्रिफ व जीरी की पौध को ट्रैक्टर से नष्ट कर दिया था। इसी मामले को लेकर बुधवार देर रात दोनों गुटों में खूनी संघर्ष हुआ। इसको लेकर एक गुट ने रोड जाम कर पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार की। मौके पर बाबैन पुलिस, लाडवा के थाना प्रभारी कमलदीप, कुरुक्षेत्र सीआई के स्टाफ दलबल के साथ पहुंच गए। लाडवा के थाना प्रभारी कमलदीप राणा व बाबैन के एएसआई सुधीर कुमार, अशोक कुमार आदि के आश्वासन पर एक गुट के खफा लोगों ने जाम को खोला। पुलिस ने मामले में उचित कार्रवाई के लिए जाम लगा रहे लोगों को थाना बाबैन में अपने बयान दर्ज करवाने के लिए कहा। समाचार लिखे जाने तक मामला दर्ज नहीं हुआ था। बता दें कि गांव भगवानपुर के नंद किशोर की शिकायत पर 6 व्यक्तियों के विरुद्ध मामला दर्ज करवाया गया था।