श्री गुरु तेग बहादुर जी के 400 वां प्रकाशोत्सव में कुरुक्षेत्र की अच्छी भागीदारी रहेगी। ये प्रकाशोत्सव 24 अप्रैल को सुबह 9 बजे पानीपत के एचएसवीपी ग्राउंड में राज्य स्तर पर मनाया जाएगा। जला सूचना एवं जनसंपर्क विभाग का विशेष वाहन इस समागम में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी के लिए गांव और शहर के वार्डों में जाकर लोगों को निमंत्रण देने पहुंचेगा। उपायुक्त मुकुल कुमार वीरवार को सेक्टर 13 उपायुक्त आवास कार्यालय से इस विशेष प्रचार वाहन को हरी झंडी देकर रवाना किया।
उन्होंने कहा कि राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री मनोहर लाल शिरकत करेंगे। कुरुक्षेत्र से भी हजारों लोग पानीपत में आयोजित होने वाले प्रकाशोत्सव में शामिल होने के लिए जाएंगे। प्रकाशोत्सव के लिए सभी गुरुद्वारों को रंग बिरंगी लाइटों से सजाया जा रहा है। कुरुक्षेत्र से पानीपत जाने वाली संगत की सुविधा के लिए प्रशासनिक स्तर पर व्यापक प्रबंध किए जा रहे है। सभी संगत को पानीपत ले जाने और वापिस लाने के लिए अधिकारियों की ड्यूटियां लगा दी गई है।
जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी डॉ. नरेंद्र सिंह ने कहा कि सूचना जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक डॉ. अमित अग्रवाल के आदेशानुसार विभाग का विशेष प्रचार वाहन कुरुक्षेत्र जिले के प्रत्येक गांव और शहर के वार्डों में पहुंचेगा। इस वाहन में भजन पार्टी के सदस्यों की ड्यूटी लगाई गई है। इस मौके पर एआईपीआरओ बलराम शर्मा, अधीक्षक अश्विनी कुमार, पंकज धीमान, विक्रम सैनी, बरखा राम, विजय कुमार, राजकुमार, राजकुमार शर्मा, शीशन, कुलभूषण शुक्ला, लख्मीचंद और लवप्रीत सिंह आदि उपस्थित रहे।