संवाद न्यूज एजेंसी
शाहाबाद। एक निजी पैलेस में बीज कंपनी के प्रमोशन कार्यक्रम को उस समय बंद करना पड़ा जब किसानों ने विरोध कर दिया। करीब साढ़े तीन घंटे तक किसान धरने पर बैठे रहे और बीज कंपनी के खिलाफ नारेबाजी करते रहे।
भारतीय किसान यूनियन प्रवक्ता राकेश बैंस ने बताया कि करीब दो वर्ष पहले इस कंपनी ने किसानों को सूरजमुखी का घटिया बीज बेच दिया था, जिस कारण काफी संख्या में किसानों की सूरजमुखी की फसल खराब हो गई थी और किसानों को बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ था। उस समय किसानों ने कंपनी का विरोध किया था और किसानों की मांग पर कंपनी के खिलाफ शाहाबाद थाना में एफआईआर भी दर्ज की गई थी।
बैंस ने बताया कि सोमवार सुबह किसानों को सूचना मिली कि उक्त कंपनी एक निजी पैलेस में अपने बीज को लेकर प्रमोशन कार्यक्रम कर रही है, जिस पर बड़ी संख्या में किसान पैलेस में एकत्रित हुए और कंपनी के कार्यक्रम का विरोध किया। राकेश बैंस ने आरोप लगाते हुए कहा कि इस कंपनी ने अपने बीज की थैली नौ हजार रुपये तक ब्लैक की है और किसानों को गुमराह किया है। किसान इस बीज कंपनी का विरोध करते रहेंगे। इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष हरकेश खानपुर, सुखचैन सिंह, पवन बैंस, अर्जुन सिंह भिंडर, अनिल तनेजा, बलविंद्र सिंह दामली, शेर सिंह, बलवान, संदीप बैंस, हीरा लाल, मुख्त्यार सिंह, जोधा सिंह, उपकार सिंह, रविन्द्र आदि मौजूद रहे।