कुरुक्षेत्र। नगर परिषद हाउस की बैठक में गत दिवस कांग्रेस विधायक अशोक अरोड़ा व पार्षद प्रतिनिधियों के बीच हुई गाली-गलौज व हाथापाई मामले की पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। दोनों तरह से शिकायत मिलने के बाद एसपी नीतिश अग्रवाल ने मामले की जांच डीएसपी सिटी ओमप्रकाश को सौंप दी है, जो जांच को पूरा कर जल्द रिपोर्ट सौंपेंगे। यह जांच पूरी होने उपरांत अगली कार्रवाई की जाएगी।
उधर कांग्रेस इस मामले के चलते गंभीर हो गई है और अगले ही दिन शनिवार को प्रदेशाध्यक्ष उदयभान विधायक अशोक अरोड़ा से मिलने पहुंचे। जहां उन्होंने पत्रकारों से चर्चा में कहा कि यह बेहद ही निंदनीय मामला है। इस प्रकार की घटना प्रजातंत्र में कभी बर्दाश्त नहीं की जा सकती। इस मामले में वे राज्यपाल से मिलकर कार्रवाई की मांग करेंगे। जिला प्रशासन ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की तो पार्टी आगामी रणनीति बनाकर जिले में प्रदर्शन भी करेगी। अशोक अरोड़ा विधानसभा के स्पीकर और कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं। उनका प्रदेश की राजनीति में महत्वपूर्ण स्थान है।
उदयभान ने कहा कि जब नगर परिषद थानेसर द्वारा पहले ही पत्र जारी कर दिया गया था कि पार्षदों के अलावा कोई नहीं आएगा तो बाहरी लोगों को क्यों बैठक में जाने दिया गया। इतना ही नहीं इन लोगों द्वारा विधायक अरोड़ा के साथ दुर्व्यवहार और जानलेवा हमला किया गया। मुख्यमंत्री के गृह जिले में इस प्रकार की घटना हो रही है और एक दिन बीत जाने के बाद भी प्रशासन द्वारा ऐसे लोगों के खिलाफ कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई।
चर्चा का विषय बना मामला, दोनों पक्षों ने दी शिकायत
गत दिवस नप हाउस की बैठक बुलाई गई थी, जिसमें पार्षद प्रतिनिधियों के मौजूद होने की अशोक अरोड़ा द्वारा की गई आपत्ति के चलते ही यह विवाद शुरू हुआ। बहस हाथापाई में बदल गई और पुलिस को भी बुलाना पड़ा था। इसके बाद आरोप-प्रत्यारोप का दौर चला तो दोनों ही पक्षों ने एसपी को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।