संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। जिले के 419 गांवों को स्वच्छ बनाने के लिए प्रशासन ने रोस्टर तैयार कर लिया है। इस रोस्टर के अनुसार अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटियां लगाई गई हैं। साथ ही 92 ग्राम सचिवों को गांवों के स्वच्छता अभियान पर नजर रखने की बागडोर सौंपी गई है। प्रत्येक ग्राम सचिव को चार गांवों पर निगरानी रखने के निर्देश जिला प्रशासन ने दिए हैं।
उपायुक्त मुकुल कुमार ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास की जयंती के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में महासफाई अभियान 13 फरवरी को शुरू किया जाएगा। इसी कड़ी में कुरुक्षेत्र में भी 13 फरवरी को 10 गांवों में राज्य खेल मंत्री संदीप सिंह के साथ-साथ विधायक व अधिकारी महासफाई अभियान का एक साथ शुभारंभ करेंगे। उन्होंने कहा कि जिले में 92 ग्राम सचिवों के साथ-साथ एसडीओ, जेई और अन्य अधिकारियों-कर्मचारियों को भी गांवों की जिम्मेवारी सौंप दी गई है और इसका एक रोस्टर प्लान भी तैयार किया गया है। इस प्लान के अनुसार गांवों को स्वच्छ बनाने में गांवों के आम नागरिकों, सीएम एनिमेंट पर्सन, जिला परिषद के पूर्व सदस्यों को भी साथ जोड़ा जाएगा।
जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सतबीर सिंह कुंडू ने बताया कि महा सफाई अभियान का शुभारंभ राज्य खेल मंत्री संदीप सिंह इस्माईलाबाद के गांव मलिकपुर से करेंगे। इसके अलावा गांव अहमदपुर में शुगर फेड के चेयरमैन एवं विधायक रामकरण काला, गांव बिहोली में उपायुक्त मुकुल कुमार, खेड़ी मारकंडा में एसडीएम नरेंद्र पाल मलिक, गांव बड़ौंदी में पूर्व विधायक एवं प्रदेश महामंत्री डॉ. पवन सैनी, बाबैन में एमडी शुगर मिल शाहाबाद सतेंद्र सिवाच, शाहाबाद के गांव दामली में एसडीएम कपिल शर्मा, गांव थाना में एसडीएम सोनू राम, गांव मोरथली में एसीयूटी जया शारदा व थानेसर के गांव अजरानी में नगराधीश चंद्रकांत कटारिया महा सफाई अभियान का शुभारंभ करेंगे।