संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। द्रोणाचार्य स्टेडियम में आयोजित सांसद खेल स्पर्धा में खिलाड़ियों में पूरा जोश और उत्साह देखने को मिल रहा है। पुरुषों की कबड्डी के मैचों में कई टीमों ने जीत हासिल करके अगले राउंड में जगह बना ली है।
अब इन टीमों के बीच तीसरे, चौथे और पांचवें राउंड के मुकाबले होंगे। अहम पहलू यह है कि पूंडरी की टीम ने अपने पहले, दूसरे और तीसरे राउंड के मुकाबलों को जीतकर सेमीफाइनल में जगह बना ली है और कैथल और ढांड के बीच तीसरे राउंड के मैच विजेता टीम के साथ पूंडरी की टीम सेमीफाइनल मुकाबला खेलेंगी।
सर्कल कबड्डी के पुरुष वर्ग के दूसरे राउंड के मुकाबलों में पूंडरी ने शाहाबाद, पिहोवा ने सरस्वती नगर, कैथल ने लाडवा, ढांड ने सीवन, राजौंद ने इस्माईलाबाद, कलायत ने जगाधरी, पिपली ने रादौर, गुहला ने थानेसर को हराकर तीसरे राउंड में अपनी जगह बना ली है। तीसरे राउंड के मुकाबले में पूंडरी ने पिहोवा को हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली है।
इसी प्रकार तीसरे चरण के मुकाबलों में कैथल का ढांड से, राजौंद का कलायत से, पिपली का गुहला से मुकाबला होगा। इन मुकाबलों को जीतकर टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। महिलाओं की कुश्ती प्रतियोगिता में थानेसर की सपना ने कैथल की प्रियंका को और पुरुषों की कुश्ती प्रतियोगिता में कलायत के विकास ने थानेसर के रमन को हराया।