संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। शहर के मोहन नगर रेलवे पुल पर शुक्रवार-शनिवार की आधी रात को बदमाशों की सूचना मिलने पर पुलिस अलर्ट हो गई। गुप्त सूचना के आधार पर आधा दर्जन से अधिक पुलिस वाहन मौके पर पहुंचे, लेकिन व्यापक तलाशी के बावजूद कोई बदमाश या हथियार नहीं मिला। सूचना देने वाले ने बाद में बताया कि संदिग्ध व्यक्ति वहां से जा चुके हैं।
पुलिस ने रात करीब एक से डेढ़ बजे के बीच वायरलेस सेट (वीटी) के जरिए पीसीआर और गश्ती दलों को अलर्ट किया गया। सूचना थी कि पुल पर चार से पांच संदिग्ध व्यक्ति हथियारों से लैस खड़े हैं, जो किसी वारदात की फिराक में हैं। पुलिस ने फ्लाईओवर और आसपास के क्षेत्र की घेराबंदी की, राहगीरों से पूछताछ की तथा सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू की। हालांकि, तलाशी अभियान में कोई सुराग नहीं मिला।