कुरुक्षेत्र। रिहर्सल के दौरान रोड पर वाहनों को रोके हुए पुलिसकर्मी। संवाद
- फोटो : reasi news
कुरुक्षेत्र। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अंबाला हवाई अड्डे से हेलीकॉप्टर से ज्योतिसर पहुंच रहे हैं। वे यहां गुरु तेग बहादुर जी के 350 वें शहीदी दिवस के समागम कार्यक्रम में शामिल होंगे और महाभारत अनुभव केंद्र का लोकार्पण करने के बाद सड़क मार्ग से ब्रह्मसरोवर पहुंचकर गीता महोत्सव में शामिल होंगे। उनके दौरे के मद्देनजर सोमवार शाम से शहर को छावनी में तब्दील कर दिया गया है।
चप्पे-चप्पे पर पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। शहर के तमाम आउटर नाकों को सील कर दिया गया है। शहरी सीमा में प्रवेश करने वाले हर एक वाहन की बारीकी से जांच करने के बाद ही शहर में प्रवेश दिया जा रहा है। होटल, लॉज, रेलवे स्टेशन और बस अड्डे तक सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। पूरी सुरक्षा व्यवस्था एसपीजी के हाथ में है। पीएम नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में केंद्र और राज्य की खुफिया एजेंसी हाई अलर्ट पर हैं। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के सेकेंड गेट से लेकर पिहोवा रोड नेशनल हाईवे 152 डी तक सड़क के दोनों तरफ बांस लगाकर सड़क को बंद कर दिया गया है। वहीं केडीबी रोड भी मंगलवार को आम जनता के लिए पूरी तरह बंद किया गया।
जहां-जहां से पीएम का काफिला गुजरेगा, वहां बढ़ाई चौकसी : पीएम मोदी का काफिला गुजरने वाले रोड पर चौकसी बढ़ा दी गई है। पीएम मोदी शाम चार बजे सबसे पहले ज्योतिसर में महाभारत अनुभव केंद्र पहुंचेंगे। इसके बाद वह समागम स्थल पर डेढ़ घंटा रुकेंगे और वे यहां से ब्रह्मसरोवर पहुंचेंगे। इसके बाद दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
इसके चलते रास्ते में सोमवार रात को ही पिहोवा रोड को वन वे कर दिया गया। रोड के सभी कट बंद कर दिए गए हैं। रास्ते में पड़ने वाले काॅलाेनी के लोगों को जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने के लिए बोला गया है और उसके लिए वैकल्पिक रास्ता प्रयोग करने की सलाह दी गई है।
दोपहर बाद सुरक्षा एजेंसियों ने की रिहर्सल
प्रधानमंत्री की सुरक्षा में किसी प्रकार की कोई चूक न हो इसलिए एसीजी व पुलिस के जवानों ने सोमवार को दोपहर बाद अंतिम रिहर्सल की। इस दौरान ब्रह्मसरोवर से एसपीजी का एक टारगेट काफिला कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के वीआईपी रोड होते हुए सेकेंड गेट पहुंचा। इस दौरान कैथल की ओर से आने वाले वाहनों को गुरुकुल के पास रोक दिया और शहर की ओर से आने वाले वाहनों को नागरिक अस्पताल के सामने रोक दिया। वहीं जब तक काफिला समागम स्थल तक नहीं पहुंचा तब तक समागम स्थल से पहले ही पिहोवा की ओर से आने वाले वाहनों को रोक दिया गया। इस दौरान सड़क वाहनों का लंबा जाम लग गया।
कुरुक्षेत्र। रिहर्सल के दौरान रोड पर वाहनों को रोके हुए पुलिसकर्मी। संवाद- फोटो : reasi news