कार्यक्रम को संबोधित करते पीएम मोदी
- फोटो : एएनआई
हरियाणा की ख्याति को विश्व स्तर तक पहुंचाने वाला अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव पहली बार 21 दिन का होगा। इसके लिए 25 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी हरियाणा पहुंच रहे हैं। 25 को ही कुरुक्षेत्र में हिंद की चादर श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें बलिदान दिवस पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम होगा। पीएम उसमें भी भाग लेंगे। इस दौरान पीएम हरियाणा को करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं की कई सौगातें भी दे सकते हैं। सीएम नायब सैनी ने सोमवार को हरियाणा भवन में प्रेसवार्ता में इसकी जानकारी दी। सीएम ने कहा कि गीता महोत्सव इस बार 18 दिन का होगा।
इससे पूर्व हरियाणा सरकार के एक साल पूरे होने पर 17 अक्तूबर को सोनीपत में प्रधानमंत्री की रैली तय हुई थी, लेकिन बाद में कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया। इसके पीछे का कारण वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी वाई पूरण कुमार की आत्महत्या के कारण हुए बवाल को माना जा रहा है। सोनीपत में कार्यक्रम रद्द होने के बाद 18 अक्तूबर को बिहार की राजधानी पटना में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के दौरान भी पीएम मोदी के दौरे को लेकर चर्चा हुई थी।
एक वर्ष में तीसरी बार हरियाणा आएंगे पीएम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पिछले एक वर्ष में हरियाणा में यह तीसरा दौरा होगा। 8 दिसंबर 2024 को उन्होंने पानीपत में बीमा सखी योजना का शुभारंभ किया था। इसके बाद 14 अप्रैल 2025 को हिसार में हरियाणा के पहले एयरपोर्ट से अयोध्या के लिए उड़ान सेवा शुरू की और यमुनानगर में 800 मेगावाट बिजली की थर्मल यूनिट का शिलान्यास किया था।