संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में सहायकों के लिए सोमवार को रिफ्रेशर कोर्स का तीसरे बैच शुरू हुआ। रिसोर्स पर्सन प्रो. प्रदीप कुमार ने कहा कि कंप्यूटर सीखना बहुत आसान है बशर्ते सीखने की इच्छा होनी चाहिए। कंप्यूटर का विशेषज्ञ बनने के लिए इससे खेलने की जरूरत है। यदि हमें कोई भी जानकारी लेनी है तो झिझक नहीं करनी चाहिए तथा सीखने की कोई उम्र नहीं होती।
उन्होंने एक्सेल सॉफ्टवेयर के बारे में कहा कि इससे हम डाटा को गणनात्मक रूप से इकट्ठा कर सकते है। साथ ही गणनात्मक डाटा को इच्छानुसार अनुक्रम या सेट कर सकते हैं। उन्होंने एक्सेल शीट को सेव करने, नई फाइल ओपन करने, वर्कशीट में एक शीट से दूसरी शीट पर जाने संबंधी शॉर्टकट की के बारे में सीखाया।
रिफ्रेशर कोर्स में नए कॉलम, नई पंक्ति को ऐड करने व उनकी लंबाई एवं चौड़ाई को कम व ज्यादा करने, डाटा को क्लीयर करने सहित कई महत्वपूर्ण फार्मूलों के बारे में जानकारी दी गई। कंप्यूटर साइंस एंड एप्लीकेशन विभाग के शिक्षक एवं कोर्स कोआर्डिनेटर डॉ. राकेश ने बताया कि दैनिक जीवन में कंप्यूटर का विशेष महत्व है। बड़ी से बड़ी गणना कंप्यूटर के माध्यम से बहुत जल्द हो जाती है। वर्तमान समय ऑटोमेशन की दिशा में भी कंप्यूटर महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर रहा है। उन्होंने कहा विश्वविद्यालय में कार्यरत सहायकों के इस अंतिम बैच में थ्योरी लेक्चर के साथ-साथ प्रायोगिक कक्षाएं भी लगाई जाएंगी।
परीक्षा नियंत्रक एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम के नोडल ऑफिसर डॉ. अंकेश्वर प्रकाश ने बताया कि 13 से 18 जून तक सहायकों के अंतिम बैच के लिए इस रिफ्रेशर कोर्स का आयोजन किया गया है। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में जल्द ही आईयूएमएस प्रणाली पूरी तरह लागू होने वाली है। ऐसे में विश्वविद्यालय के सभी कर्मचारियों को तकनीकी रूप से सक्षम बनाने के लिए रिफ्रेशर कोर्स महत्वपूर्ण है। इस दौरान डॉ. सचिन लालर, दिनेश कुमार, स्थापना शाखा के सहायक मनदीप शर्मा व लिपिक वर्षा ने सहयोग किया।