संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। तीन साल से निर्माणाधीन पिपली-थर्ड गेट सड़क पर अकाल मृत्यु को प्राप्त हुए दिवंगतों की आत्मा की शांति और निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने के लिए इनेलो कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को महाराणा प्रताप चौक के समीप सड़क पर बैठकर हवन किया। इस दौरान पिपली-थर्डगेट सड़क निर्माण शीघ्रम कुरु स्वाहा के सहित कई मंत्र पढ़े गए।
करीब डेढ़ घंटे चले हवन में इनेलो कार्यकर्ताओं ने मां भगवती से प्रशासन, विधायक व अन्य नेताओं सद्बुद्धि देने की प्रार्थना के साथ सड़क पर जान गंवाने वालों के परिजनों को 50-50 लाख मुआवजा देने की मांग की। सड़क निर्माण को लेकर विरोध जताने का यह अब तक का सबसे अनोखा तरीका था। सड़क पर हवन होता देख यातायात भी थम सा गया और राहगीरों ने भी आहुतियां डालीं।
इनेलो कार्यकर्ता सुबह 11 बजे जाट धर्मशाला में एकत्रित हुए थे। यहां से साढ़े 11 बजे विधायक के पुतले को लेकर महाराणा प्रताप चौक के पास पहुंचे और सरकार व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद सड़क के बीच बैठकर हवन किया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि तीन साल से निर्माणाधीन पिपली-थर्ड गेट सड़क पर 10 लोगों की जान जा चुकी है और सैकड़ों लोग घायल हो चुके हैं।
वहीं निर्माण की कछुआ चाल को लेकर शहरवासी 15 से ज्यादा बार रोष जताते हुए जाम लगा चुके हैं और कई ज्ञापन प्रशासन से लेकर सीएम तक सौंपे जा चुके हैं। इतना सब कुछ होने के बावजूद भी अभी तक सड़क का 49 प्रतिशत निर्माण ही हो पाया है। पिछले दो माह से काम बिल्कुल बंद पड़ा है।
हवन के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए इनेलो नेत्री एवं पूर्व प्रत्याशी कलावती सेन ने कहा कि सरकार धर्मनगरी को अंतरराष्ट्रीय पटल पर चमकाने के दावे कर रही है, लेकिन यहां की सड़कों की हालत देखकर पर्यटक हाईवे से ही यू-टर्न ले लेते हैं। अब तक 10 लोग इस सड़क पर जान गंवा चुके हैं। बावजूद इसके सरकार व प्रशासन इस सड़क के निर्माण को लेकर गंभीर नहीं है। इस मौके पर हलका अध्यक्ष कृष्ण, युवा जिलाध्यक्ष राजु रामगढ़, कर्मचारी प्रकोष्ठ के जिला प्रधान मान सिंह, हरजीत सिंह, हरविंद्र सिंह आदि उपस्थित रहे।
कई प्रयास के बाद भी नहीं जला पुतला, पानी में फेंका
हवन से पहले इनेलो कार्यकर्ताओं विधायक का पुतला लेकर सड़क पर पहुंचे। पराली से बनाए पुतले को जब आग लगाने का प्रयास किया तो उस पर लिपटे सिर्फ कागज जले और आग बुझ गई। एक कार्यकर्ता लाइटर के साथ फिर से पुतले को आग लगाने का कोशिश करता रहा, लेकिन चार से पांच बार प्रयास के बाद भी पुतला नहीं जला। काफी जद्दोजहद के बाद भी पुतले ने आग नहीं पकड़ी तो एक कार्यकर्ता अधजले पुतले को वहां से घसीट कर ले गया और पानी में फेंक आया, जिसके बाद हवन किया गया।
टेंडर पर कानूनी राय लेने के लिए फाइल पहुंची एजी के पास : सुधा
विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि पिपली से थर्ड गेट तक सड़क का निर्माण करने के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल से बातचीत की गई है। टेंडर की फाइल को कानूनी राय के लिए एजी (महान्यायवादी) के पास भेज दिया गया है। विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री के आदेशानुसार स्वयं लोक निर्माण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव से बातचीत की और सड़क निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति के बारे में अवगत कराया। इस बातचीत के बाद एसीएस ने फाइल पर कानूनी राय लेने के लिए एजी के पास भेज दिया है। आगामी कुछ दिनों में टेंडर जारी कर दिया जाएगा। शहर के लोगों की समस्या का समाधान करना उनकी प्राथमिकता है।
विधायक का पुतला फूंकने की कोशिश करते इनेलो के कार्यकर्ता। संवाद- फोटो : Kurukshetra
पुतले में आग लगाने का प्रयास करता युवक। संवाद- फोटो : Kurukshetra
जब ठीक से आग नहीं लगी तो घसीट कर पानी में गिराया गया पुतला। संवाद- फोटो : Kurukshetra