कुरुक्षेत्र। पिहोवा रोड पर ज्योतिसर के समीप कोहरे के कारण हुए हादसे के बाद सड़क किनारे पलटा ट्र
कुरुक्षेत्र। घने कोहरे के कारण पिहोवा रोड पर ज्योतिसर चौकी के समीप एक सड़क हादसा हो गया। गोवंश को बचाने की कोशिश में पिकअप असंतुलित होकर डिवाइडर के दूसरी ओर पलट गई जिससे सामने से आ रहे रेत से लदे ट्रक से टक्कर हो गई और ट्रक भी पलट गया। गनीमत रही कि हादसे में किसी को चोट नहीं आई।
घटना वीरवार अलसुबह करीब तीन बजे हुई है। पिहोवा से कुरुक्षेत्र की ओर आ रही पिकअप ज्योतिसर गांव के पास पहुंची थी। घने कोहरे में अचानक सड़क पर गोवंश आ जाने से चालक ने वाहन बचाने की कोशिश की जिससे पिकअप डिवाइडर पर चढ़ गई और दूसरी लेन में पलटकर गिर गई। चालक बाल-बाल बच गया। इस दौरान कुरुक्षेत्र से पिहोवा की ओर जा रहे रेत से लदे ट्रक चालक को कोहरे में पलटी पिकअप दिखाई नहीं दी और उससे टकराकर ट्रक सड़क किनारे खदानों में जा पलटा। हादसे से दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। ज्योतिसर चौकी प्रभारी संदीप कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से पिकअप को सीधा करवाकर यातायात बहाल करवाया। दोनों चालकों का कुशलक्षेम जांचा गया जिन्हें कोई चोट नहीं आई थी। समाचार लिखे जाने तक किसी भी चालक ने मामला दर्ज नहीं करवाया था।