पानीपत। लोगों में बिजली बचाने के लिए जागरूकता आ रही है। इसके लिए लोग सोलर सिस्टम को तेजी से अपना रहे हैं। सरकार भी योजना के अंतर्गत पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम पूरा साथ दे रही है। बिजली निगम के अलावा डीआरडीए के माध्यम से भी लोगों व संस्थाओं को योजनाओं का लाभ मिल रहा है।
राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण दिवस 14 दिसंबर को मनाया जाता है। यह दिन नागरिकों, खासकर छात्रों और युवाओं को ऊर्जा बचाने और उसे कुशलता से उपयोग करने के लिए प्रेरित करने के लिए मनाया जाता है। भविष्य सुरक्षित और सतत बनाया जा सके। इसके साथ बढ़ती ऊर्जा खपत के कारण पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों (जैसे कोयला, तेल) के खत्म होने का खतरा है। इसे रोकने के लिए ऊर्जा संरक्षण आवश्यक है। बिजली ने सब डिवीजन स्तर पर पीएम सूर्य घर योजना के लिए लक्ष्य निर्धारित किए हैं। अब अधिकारियों के साथ लाइनमैन के भी लक्ष्य निर्धारित किए हैं।
उग्राखेड़ी के कृष्ण आर्य ने बताया कि वे पहले सोलर सिस्टम से दूर थे। बिजली निगम अधिकारियों ने उनको प्रेरित किया तो घर पर योजना के अंतर्गत पैनल लगवाया। इससे बिजली की काफी बचत हुई। उन्होंने अब अपने कार्यालय व खेत में भी सोलर पैनल लगवा लिया है। वे अपने रिश्तेदार और नजदीकी लोगों को भी जागरूक कर रहे हैं।
दत्ता कॉलोनी के विनोद कुमार ने बताया कि उन्होंने दो साल पहले घर में सोलर पैनल लगवाया था। उस समय पैनल की लागत सुनकर ही डर लगता था। अब सोलर पैनल लगवाने के बाद उनको बिजली के बिल में काफी राहत मिल रही है।
यह है पीएम सूर्य घर योजना
बिजली निगम सोलर योजना पीएम सूर्य घर-मुफ्त बिजली योजना है। जिसके तहत घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाने के लिए सरकार तीन किलोवाट तक की क्षमता के लिए 60-40 प्रतिशत तक की सब्सिडी देती है। जिससे बिजली बिल में कमी आती है और अतिरिक्त बिजली ग्रिड को बेचकर आय भी होती है। दो किलोवाट तक के लिए 60 और दो से तीन किलोवाट के लिए 40 प्रतिशत सब्सिडी है।
पीएम सूर्य घर-मुफ्त बिजली योजना के लिए लोगों में जागरूकता आ रही है। प्रत्येक सब डिवीजन के लक्ष्य निर्धारित किए किए गए हैं। लोग अब कार्यालय में आकर खुद योजना का लाभ ले रहे हैं। - धर्म सुहाग, अधीक्षण अभियंता, बिजली निगम।