संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। प्रदेश में नगर निकाय चुनाव का बिगुल बज चुका है। राज्य चुनाव आयुक्त धनपत सिंह ने बुधवार को अप्रैल के अंतिम सप्ताह में शहरी निकाय चुनाव कराने की घोषणा कर दी है। इस घोषणा के तुरंत बाद ही राजनीतिक पार्टियों में हलचल बढ़ गई है। जिले में पिहोवा, शाहाबाद, इस्माईलाबाद नगर पालिकाओं का चुनाव कराया जाएगा। वहीं नगर परिषद थानेसर के चुनाव का फैसला अगले चरण में होगा।
कुरुक्षेत्र में चार नगर पालिका व एक नगर परिषद है। वार्डबंदी के चलते नगर परिषद थानेसर के चुनाव का फैसला दूसरे चरण में होगा। वहीं पिहोवा, शाहाबाद, इस्माईलाबाद नगर पालिकाओं में 16 और नगर पालिका लाडवा में 24 मार्च को मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। इस के बाद अप्रैल के अंतिम सप्ताह में इन चारों नगर पालिकाओं में चुनाव होंगे।
इन चारों नगर पालिका में इस बार प्रधान पद के लिए मुकाबला कड़ा होने वाला है। एक ही पार्टी से दो-दो चेहरे प्रधान पद के लिए दावा कर रहे हैं, वहीं कइयों ने तो बगैर किसी दल के मैदान में कूदने के लिए कमर कस ली है। अभी उम्मीदवार पसोपेश में भी हैं कि उनसे संबंधित पार्टियां क्या निर्णय लेंगी। चुनाव पार्टी सिंबल पर लड़ा जाएगा या फिर बिना सिंबल के इस मुकाबले में उतरना होगा।
नगर परिषद थानेसर का चुनाव भी कराया जाए : अशोक अरोड़ा
पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अशोक अरोड़ा ने मांग की है कि थानेसर नगर परिषद का चुनाव भी करवाया जाए। उन्होंने कहा कि गत वर्ष मई में परिषद का कार्यकाल पूरा हो गया था और अब इतने लंबे अरसे के पश्चात भी थानेसर नगर परिषद के चुनाव को लटकाना जनता के लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। तीन माह पहले नगर परिषद थानेसर की वार्डबंदी की गई थी। आपत्ति और दावे मांगने के पश्चात वार्डबंदी फाइनल कर दी गई थी। उसी के अनुसार प्रदेश सरकार को थानेसर नगर परिषद का चुनाव कराना चाहिए।
फिलहाल मतदाता सूचियों का होगा अंतिम प्रकाशन : मुकुल कुमार
उपायुक्त मुकुल कुमार ने कहा कि फिलहाल मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन होना है। इसके प्रकाशन के बाद ही चुनाव होंगे। प्रशासन की ओर से आपत्तियां दर्ज कराने के तारीख दी गई है।
इस्माईलाबाद नगर पालिका का होगा पहला चुनाव
संवाद न्यूज एजेंसी
इस्माईलाबाद। इस्माईलाबाद में नगर पालिका बनने के बाद यहां पहली बार चुनाव होगा। शहर में पहली बार नगर पालिका चेयरमैन पद के चुनाव को लेकर शहरवासियों में काफी उत्साह है।
नगर पालिका के प्रथम चुनाव में चेयरमैन का पद बीसी वर्ग की महिला के लिए आरक्षित है। नगर पालिका सचिव अंकुश पराशर के अनुसार प्रशासन अपनी तैयारी पूरी करने में जुटा है। नगरपालिका के पहले चुनाव में शहर से 10 हजार 457 मतदाता वोट डालेंगे। इसकी ड्राफ्ट सूची तैयार कर ली गई है। सूची का अवलोकन मतदाता किसी भी कार्य दिवस में आकर कर सकते हैं। शहर में कुल 13 वार्ड हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष 165 नए मतदाता जुड़े हैं, जिनको संबंधित वार्डों में शामिल कर दिया गया है। नए मतदाता सूची को देकर कर 24 फरवरी तक अपनी आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। प्रत्येक वार्ड में एक-एक मतदान केंद्र बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रशासन फाइनल मतदाता सूची 16 मार्च को जारी कर देगा।
शाहाबाद में प्रधान पद के आठ दावेदार
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहाबाद। चुनाव का एलान होते ही दावेदारों ने तैयारियों शुरू कर दी हैं। पालिका प्रधान पद के लिए आठ दावेदार चुनाव के लिए सामने आए हैं, जिसमें नगर पालिका के पूर्व प्रधान हरीश कवात्रा व ललित भार्गव कांग्रेस से जुड़े हैं। ऐसा माना जा रहा है कि यहां के पूर्व विधायक अनिल धंतौड़ी युवा कांग्रेस नेता ललित भार्गव को कांग्रेस की टिकट से चुनाव लड़ाने की जुगत में हैं।
हालांकि पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के खेमे से जुड़े लोग कांग्रेस से पूर्व नपा प्रधान हरीश कवात्रा का दावा कर रहे हैं। आरटीआई कार्यकर्ता राकेश बैंस व पूर्व पार्षद नीलम साहनी आजाद, दो दावेदार तिलक राज अग्रवाल व कुलवंत शर्मा भाजपा और विष्णु भगवान गुप्ता व गुलशन क्वात्रा जजपा से जुड़े हैं इन भावी उम्मीदवारों ने शहर को फ्लैक्स बोर्डों से पाट दिया है और प्रचार तेज कर दिया है। इन दावेदारों को सुबह व सायं के समय शहर में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में देखा जा सकता है।
कभी भी महिला के लिए आरक्षित नहीं हुई सीट
शाहाबाद नगर पालिका 1948 में अस्तित्व में आई थी। कभी भी यह सीट महिला के लिए आरक्षित नहीं हुई है। 1940 से 1950 तक बानू राम गुप्ता, 1950-53 मित्रसेन गुप्ता, 1953-54 करतार सिंह, 1954-55 मलिक चंद साहनी, 1959-62 राजा सिंह कोहली, 1962-64 जगजीत सिंह मरवाह, 1964-67 रघबीर चंद गुप्ता, 1967-68 जगजीत सिंह मरवाह, 1968-73 खरायती लाल आनंद, 1987-91 सुदर्शन कुमार कालड़ा, 1991-94 डॉ. सुरेंद्र शर्मा, 1995-97 डॉ. सुरेंद्र शर्मा, 1999-99 डॉ. सुधा बंसल, 1999-2000 हरीश कवात्रा, 2000-2000 सतीश भारद्वाज, 2000-2001 अश्वनी कुमार आनंद, 2000-2001 पंकज सिंगला, 2004-2010 हरीश कवात्रा, 2010-2015 सुदर्शन कक्कड़ और 2016 से 2021 तक बलदेव राज चावला नगरपालिका के प्रधान बने।
मतदाता सूची में वोट कटवाने के लिए हो रही परेशानी
चुनाव प्रक्रिया शुरू होते ही वोट कटवाने व बनवाने की जुगत भी शुरू हो गई है, लेकिन वोटर लिस्ट में से किसी का वोट कटवाना आसान नहीं रह गया है। अब वोट कटवाने के लिए आवेदनकर्ता को ठोस कारण बताना होगा। अगर कोई परिवार या व्यक्ति वार्ड या शहर छोड़कर गया है तो यह भी बताना होगा कि वह व्यक्ति या परिवार किस स्थान पर जाकर बसा है, जिस भी आवेदनकर्ता को जितने वोट कटवाने हैं, उसके लिए उतने ही फार्म भरकर अपना चित्र साथ लगाना होगा। इस प्रक्रिया से उम्मीदवार नाखुश है। उम्मीदवार नपा के पूर्व प्रधान हरीश कवात्रा व कुलवंत शर्मा ने कहा कि वोट काटने की प्रक्रिया में जटिलता करना गलत है। उन्होंने कहा कि उनके वार्डों में सैकड़ों लोग ऐसे हैं, जिनका निधन हो चुका है, लेकिन नाम अभी भी वोटर लिस्ट में हैं। ऐसे वोट न कटे जो जाली वोटिंग हो सकती है।
1962 में अस्तित्व में आई पिहोवा नगर पालिका
संवाद न्यूज एजेंसी
पिहोवा। नगर पालिका पिहोवा 1962 में अस्तित्व में आई थी। शहर में 30 हजार से ज्यादा मतदाता हैं। कुल 17 वार्ड हैं। इनमें से नौ वार्डों को एससी, एससी महिला, महिला और ओबीसी उम्मीदवार के लिए आरक्षित किया गया है।
वार्ड दो को महिला एससी और वार्ड आठ एससी के लिए आरक्षित है। वहीं पांच वार्डों को महिला उम्मीदवार के लिए आरक्षित किया गया है। महिलाओं के लिए वार्ड नंबर तीन, चार, पांच, वार्ड 12 और वार्ड 14 आरक्षित हुए हैं। इसके अलावा वार्ड 13 और वार्ड 15 को ओबीसी उम्मीदवार के लिए आरक्षित किया गया।
चुनाव को लेकर सभी उम्मीदवारों ने कमर कस ली है। नगर पालिका के सचिव अंकुश पाराशर ने बताया कि अभी उन्हें चुनाव को लेकर कोई आदेश प्राप्त नहीं हुए है। अभी वार्डबंदी को लेकर दावे व आपत्तियां ही दर्ज कराई जा रही हैं। 16 मार्च को इसका अंतिम प्रकाशन होगा। संभव हुआ तो उसके बाद पहले चरण में चुनाव हो सकते हैं।
लाडवा में मतदाता की सूची का अंतिम प्रकाशन 24 मार्च को
पिहोवा। राज्य चुनाव आयोग हरियाणा के आदेशानुसार एक जनवरी 2022 को क्वालीफाइंग तिथि मानते हुए नगर पालिका लाडवा की मतदाता सूची का अवलोकन जिला उपायुक्त कार्यालय, संबंधित एसडीएम-कम रिवाईजिंग अथॉरिटी कार्यालय, संबंधित नगर पालिका सचिव कार्यालय, संबंधित तहसीलदार कार्यालय तथा संबंधित वोटर सूचना एकत्रीकरण केंद्र में किया जा सकता है। अवलोकन के बाद त्रुटि पाए जाने पर संबंधित दावे व आपत्तियां लाडवा नगर पालिका कार्यालय में जमा करा सकते हैं। इतना ही नहीं नगर पालिका लाडवा के लिए सहायक रिवाईजिंग अथॉरिटी को भी नियुक्त कर दिया गया है। नई मतदाता सूची के लिए 28 फरवरी तक दावे आपत्तियों को आमंत्रित किया गया है और 24 मार्च को मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
पिहोवा, शाहाबाद व इस्माईलाबाद नपा की वोटर सूची पर आपत्ति का आज अंतिम दिन
राज्य चुनाव आयुक्त ने नगर पालिका पिहोवा, शाहाबाद और इस्माईलाबाद की मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन करने के लिए शेड्यूल जारी कर दिया है। इन तीनों नगर पालिकाओं की नई मतदाता सूची के लिए 24 फरवरी तक दावे आपत्तियों को आमंत्रित किया गया है और 16 मार्च को मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। 18 फरवरी को मतदाता सूचियों का ड्राफ्ट प्रकाशन कर दिया गया था। इस ड्राफ्ट प्रकाशन पर 24 फरवरी तक मतदाता सूची के लिए दावे और आपत्तियां आमंत्रित करने की अंतिम तिथि है, चार मार्च तक दावे और आपत्तियों का निपटान कार्य संबंधित रिवाइजिंग अधिकारी द्वारा किया जाएगा। इसके उपरांत आठ मार्च तक उपायुक्त के समक्ष रिवाईजिंग अधिकारी के आदेशों के विपरीत दावे आपत्तियां दाखिल करने की अंतिम तिथि होगी, 11 मार्च तक उपायुक्त द्वारा दावे आपत्तियों का निपटारा किया जाएगा और 16 मार्च को मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।