इस्माईलाबाद। सेवा पखवाड़ा के अवसर पर पिहोवा विधानसभा की जनता को दो महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण कार्य के लिए 10 करोड़ रुपये की सौगात मिली है। ये जानकारी भाजपा नेता जय भगवान शर्मा (डीडी) ने गांव झांसा में झांसा से मांडी तक बनने वाली सड़क का उद्घाटन करने के बाद पत्रकारों को दी। उन्होंने कहा कि भट्टमाजरा से ट्यूकर तक पटियाला को जोड़ने वाली सड़क का भी नवीनीकरण किया जाएगा। इससे न केवल पिहोवा क्षेत्र की जनता को सुविधा मिलेगी बल्कि व्यापार, परिवहन और आपसी संपर्क को भी गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं से आज गांव-गांव तक विकास पहुंच रहा है। शर्मा ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के नेतृत्व में देशभर में सड़क निर्माण का स्वर्णिम युग शुरू हुआ है, जिसका लाभ अब पिहोवा विधानसभा की जनता को भी मिलेगा। पीडब्ल्यूडी के एसडीओ अमित गुप्ता ने बताया कि भट्टमाजरा से टयूकर पटियाला रोड का नवीनीकरण छह करोड़ 98 लाख की लागत से किया जाएगा। जबकि झांसा से मांडी सड़क पर दो करोड़ 75 लाख रुपये खर्च होंगे।