कुरुक्षेत्र। पैरा शूटर रीना रानी को आर्थिक सहायता प्रदान करते सांसद जिंदल की टीम के सदस्य। स्वय
लाडवा। राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर कई पदक जीत चुकी पैरा राइफल शूटर रीना रानी को बेहतर प्रशिक्षण और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए आर्थिक सहयोग मिलेगा। सांसद नवीन जिंदल ने रीना रानी को एक वर्ष तक 25 हजार रुपये प्रतिमाह आर्थिक सहायता देने की स्वीकृति दी है। इसके तहत पहले दो माह की सहायता राशि के रूप में 50 हजार रुपये का चेक सांसद की ओर से डॉ. गणेश दत्त ने रीना रानी को सौंपा।
सांसद कार्यालय प्रभारी धर्मवीर सिंह ने बताया कि रीना रानी ने हाल ही में सांसद नवीन जिंदल से मुलाकात कर अपनी खेल उपलब्धियों, संघर्ष और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने के लक्ष्य की जानकारी दी थी। उन्होंने बेहतर प्रशिक्षण और संसाधनों के लिए आर्थिक सहयोग का अनुरोध किया था। इसके बाद सांसद ने एक वर्ष तक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का निर्णय लिया। रीना रानी ने इस सहयोग के लिए सांसद नवीन जिंदल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह आर्थिक सहायता उनके लिए नई ऊर्जा का काम करेगी। इससे उन्हें प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं की तैयारी में काफी मदद मिलेगी तथा वे भविष्य में देश के लिए और बेहतर प्रदर्शन करने का प्रयास करेंगी। इस अवसर पर डॉ. गणेश दत्त ने कहा कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को उचित संसाधन और सहयोग मिलना जरूरी है, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर सकें। संवाद