कुरुक्षेत्र/शाहाबाद। प्रदेश को नशा मुक्त बनाने का संदेश लेकर चली साइक्लोथॉन 2.0 यात्रा सोमवार को धर्मनगरी में पहुंची, जिसका अंबाला से जिला के गांव खानपुर जाटान में प्रवेश करते ही जोरदार स्वागत किया गया। यह यात्रा 27 अप्रैल को सिरसा जिले में संपन्न होगी।
साइक्लोथॉन में प्रदेश भर से 50 लाख से ज्यादा लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का लक्ष्य तय किया गया है। अब तक 17 दिनों में 17 जिलों की लगभग 1500 किलोमीटर यात्रा पूरी कर चुकी है।
इस यात्रा के दौरान अब तक 200 से ज्यादा पंचायतों के प्रतिनिधियों, मंत्री और विधायकों के साथ-साथ शहरों के वार्डों के पार्षदों व चेयरमैन नशा मुक्त हरियाणा बनाने की सौगंध लेकर लौटे में नमक डाल चुके हैं।
महिलाओं ने यात्रा का हरियाणवी संस्कृति और परंपरा अनुसार हरियाणवी लोकगीत गाते हुए स्वागत किया और नशे के विरुद्ध अभियान चलाने का संकल्प लिया।
इस दौरान भाजपा नेता सुभाष कलसाना ने कहा कि पुलिस के जवानों, युवाओं और आम नागरिकों के साइकिल का एक-एक पैडल ड्रग फ्री हरियाणा के आंदोलन को और ताकत दे रहा है।
कुरुक्षेत्र के 409 गांव व 89 वार्ड हुए ड्रग फ्री : पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला के निर्देशन में पुलिस प्रशासन की तरफ से 421 गांव में 409 गांवों को नशा मुक्त गांव घोषित किया जा चुका है। इसी प्रकार कुरुक्षेत्र, पिहोवा, शाहाबाद, लाडवा व इस्माइलाबाद के 98 वार्डों में से 89 वार्डों को नशा मुक्त वार्ड के रूप में देखा जा रहा है। सभी जगह नशा मुक्त होने का बोर्ड भी लगवाया है।