कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में उर्दू भाषा के अध्ययन और प्रचार-प्रसार को बढ़ावा देने के लिए सर्टिफिकेट कोर्स इन उर्दू और डिप्लोमा इन उर्दू में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। इच्छुक अभ्यर्थी 28 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। दोनों पाठ्यक्रम सायंकालीन कक्षाओं के रूप में संचालित किए जाएंगे, जिससे नौकरीपेशा और नियमित पढ़ाई कर रहे विद्यार्थी भी आसानी से इनमें दाखिला ले सकेंगे।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार उर्दू सर्टिफिकेट पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए दसवीं पास होना आवश्यक है, जबकि उर्दू डिप्लोमा पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए उर्दू सर्टिफिकेट या समकक्ष योग्यता अनिवार्य रखी गई है। इन पाठ्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को उर्दू भाषा, साहित्य, लेखन, अनुवाद और संचार कौशल का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
कला एवं भाषा संकाय की डीन प्रो. सुनीता सिरोहा ने बताया कि उर्दू भाषा रोजगार के नए अवसर भी उपलब्ध करा रही है। पाठ्यक्रम पूरा करने के बाद शिक्षा, पत्रकारिता, अनुवाद, प्रकाशन और डिजिटल मीडिया जैसे क्षेत्रों में रोजगार तथा स्वरोजगार की संभावनाएं बढ़ती हैं।
लोक संपर्क विभाग के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया ने बताया कि दोनों पाठ्यक्रमों में सीटें सीमित हैं। सर्टिफिकेट कोर्स में 20 और डिप्लोमा कोर्स में 10 सीटें उपलब्ध हैं। ऐसे में इच्छुक अभ्यर्थियों को समय रहते आवेदन करना चाहिए।
प्रवेश की मुख्य बातें
-सर्टिफिकेट कोर्स इन उर्दू : 20 सीटें
-डिप्लोमा इन उर्दू : 10 सीटें
-आवेदन की अंतिम तिथि : 28 जुलाई 2026
-कक्षाएं : सायंकालीन (इवनिंग)
-योग्यता : सर्टिफिकेट के लिए दसवीं पास, डिप्लोमा के लिए उर्दू सर्टिफिकेट या समकक्ष योग्यता