गत दिनों 140 ग्राम अफीम के साथ पकड़े गए आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने अफीम सप्लायर को काबू किया। शनिवार को सीआईए-1 की टीम ने गुप्त सूचना पर एक स्कूटी चालक रणजीत सिंह वासी कैंथला को अफीम के साथ गिरफ्तार किया था। पुलिस ने आरोपी को दो दिन के रिमांड पर लिया था।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कर्ण गोयल ने बताया कि शनिवार को सीआईए-1 की टीम कुरुक्षेत्र-पिहोवा रोड पर फ्लाईओवर के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि रणजीत सिंह अफीम बेचने का धंधा करता है। आज भी वह इस्माईलाबाद की तरफ से अपनी स्कूटी पर अफीम बेचने के लिए कुरुक्षेत्र रोड पर बाईपास पुल के आस आने वाला है। सूचना पाकर पुलिस टीम ने पिहोवा के डीएसपी गुरमेल सिंह को साथ लेकर बिलोचपुरा बस अड्डा के पास नाकाबंदी करके आरोपी रणजीत सिंह को 140 ग्राम अफीम के साथ काबू किया था। आरोपी के विरुद्ध थाना सदर पिहोवा में नशीली वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज करके अदालत से दो दिन के रिमांड पर लिया था। पुलिस ने अफीम सप्लायर आरोपी फारुख खान वासी गुलडिया अरिल जिला बरेली (यूपी) को अदालत में पेश करके जेल भेज दिया है।