दो युवकों को ऑस्ट्रेलिया का स्टडी वीजा लगाने के नाम पर 20 लाख 30 हजार रुपये ठगने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव धीरपुर के युवक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि पंजाब की एक महिला सहित गांव सिरसमा के तीन आरोपियों ने उसे और उसकी बुआ के बेटे को विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी की। आरोपियों ने उसे नकली वीजा के दस्तावेज थमा दिए, जिसके चलते वे विदेश नहीं जा सके। पुलिस ने युवक की शिकायत पर महिला व दो व्यक्तियों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है।
गांव धीरपुर निवासी कंवरजीत ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने विदेश जाने के लिए आईलेटस की हुई थी। इस दौरान उनकी नए बस अड्डे के पास एक कोचिंग सेंटर चला रही महिला और उसके दो साथियों से मुलाकात हुई। कंवरजीत ने बताया कि उसके दोस्त ने उसे बताया था कि नए बस अड्डे पर कोचिंग सेंटर चला रही महिला व उसके साथियों ने कई युवकों का विदेश में स्टडी वीजा लगवाया है। इसके बाद उसने अपनी बुआ के लड़के सिमरजीत के साथ आरोपियों के साथ विदेश जाने की बातचीत की। बातचीत में तय हुआ कि आरोपी उन्हें आस्टे्रलिया में स्टडी वीजा लगवाकर भेज देंगे और उनसे साढ़े दस लाख रुपये प्रति युवक लेंगे। बातचीत तय होने पर 14 मई 2019 को उन्होंने आरोपी महिला सलोनी सलूजा के खाते में 7 लाख 68 हजार रुपये डलवा दिए। कंवरजीत ने बताया कि 14 मई 2019 को अन्य आरोपी विशाल मान के खाते में डेढ़ लाख रुपये और 21 मई 2019 को दो लाख 20 हजार रुपये ट्रांसफर करवा दिए। इसी तरह दूसरे आरोपी रविंद्र के खाते में भी अलग अलग तिथियों में पैसे जमा कराए गए। कवरजीत ने बताया कि उसने और उसके बुआ के लड़के सिमरजीत ने 20 लाख 30 हजार रुपये आरोपियों को दे दिए थे। आरोपियों ने उन्हें विदेश भेजने का स्टडी वीजा दे दिया। जब स्टडी वीजा की जांच कराई गई तो वह फर्जी निकला। इस पर उन्होंने आरोपियों से बातचीत की तो आरोपियों ने उन्हें बताया कि वे उनका दोबारा से स्टडी वीजा लगवा देंगे, लेकिन काफी दिनों तक आरोपियों ने उनका कोई स्टडी वीजा नहीं लगवाया। इसके बाद उन्होंने आरोपियों से अपने पैसे मांगे। पैसे देने में भी आरोपी काफी दिन तक आनाकानी करते रहे। बाद में आरोपियों ने पैसे देने से साफ इन्कार कर दिया और उलटा उन्हें धमकी दी कि अगर पैसे मांगे तो उन्हें जान से मार देंगे। पुलिस ने कंवरजीत की शिकायत पर पंजाब के लुधियाना माडल टॉउन आदर्श नगर निवासी आरोपी महिला सलोनी सलूजा, सिरसमा निवासी रविंद्र व विशाल मदान के खिलाफ थाना सदर में धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया। जांच अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ पहले भी कई शिकायतें आई हुई हैं। उन्होंने बताया कि कंवरजीत की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि जल्द ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।