व्यक्ति ने खुद को अविवाहित बताकर युवती से शादी कर ठगे छह लाख
संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। एक व्यक्ति द्वारा खुद को अविवाहित बताकर युवती को प्रेम जाल में फंसाकर उससे शादी करने व विदेश गई युवती छह लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। पुलिस ने युवती के भाई की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस में दर्ज शिकायत में गांव बोडला निवासी मनीष कुमार ने कहा कि वर्ष 2017 में उसकी बहन एक कोचिंग सेंटर में आइलेटस का कोर्स कर रही थी। इसी दौरान गांव मसाना निवासी लवप्रीत सिंह ने उसकी बहन से नजदीकियां बढ़ानी शुरू कर दी। शिकायतकर्ता के अनुसार लवप्रीत सिंह ने खुद को अविवाहित बताकर उसकी बहन को अपने झूठे प्रेम जाल में फंसा 1 मार्च 2018 को निरंकारी दरबार (रावलपिंडी) चंडीगढ़ में शादी कर ली। बाद में उसकी बहन विदेश चली गई। बहन के विदेश जाने के बाद लवप्रीत उससे वहां से रुपये की मांग करने लगा। लवप्रीत ने उसकी बहन से छह लाख रुपये ठग लिये थे। इसी दौरान उसकी बहन को लवप्रीत पर शक होने लगा और उसने यह बात परिजनों को बताई। जांच करने पर पाया कि लवप्रीत पहले से ही शादीशुदा है तथा उसका एक बेटा भी है। जिसकी शिकायत उसने पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।