कुरुक्षेत्र। गुरुद्वारा छठी पातशाही से श्री गुरु हरगोबिंद महाराज के प्रकाश पर्व पर महान नगर कीर्तन बुधवार को सजाया जाएगा। श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी महाराज की छत्रछाया एवं पंज प्यारों की अगुवाई में नगर कीर्तन गुरुद्वारा साहिब से आरंभ होकर रेलवे रोड, कुटिया वाली गली, लाल सडक़, थानेसर बस स्टैंड, सीकरी चौक, बिड़ला मंदिर से होते हुए देर सायं गुरुद्वारा साहिब में ही संपन्न होगा।
समागम के पांचवें दिन मंगलवार को श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी महाराज के श्री अखंड पाठ साहिब जी की दूसरी लड़ी संपन्न हुई। तत्पश्चात तीसरी व अंतिम लड़ी आरंभ हुई। सैकड़ों की संख्या में संगत ने शीश नवाया और गुरु साहिब जी का आशीर्वाद लिया। गुरुद्वारा साहिब के कथावाचक भाई गुरदास सिंह ने गुरु चरणों में अरदास की। गुरुद्वारा परिसर में संगत द्वारा गर्मी को देखते हुए ठंडे पानी एवं जलजीरे की छबील भी लगाई, जबकि लंगर में संगत के सहयोग से अलग-अलग पकवान बनाए गए। दूसरी ओर मॉडर्न पैथ लैब द्वारा भी समागम में आने वाली संगत के लिए निशुल्क टैस्ट एवं दवाइयां वितरित करने के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया है। इस मौके पर सिख गुरुद्वारा मैनेजमैंट कमेटी के कार्यकारिणी समिति मैंबर कुलदीप सिंह मुल्तानी, मैंबर इंदरजीत सिंह, बीबी करतार कौर, हरमनप्रीत सिंह बुट्टर, पूर्व कनिष्ठ उपप्रधान बीबी रविंदर कौर अजराना, पूर्व स्पोक्समैन कवलजीत सिंह अजराना सहित अन्य सदस्यों व संगत ने गुरु जी के समक्ष शीश नवाया।
सुंदर दस्तार सजाओ प्रतियोगिता के विजेताओं को किया पुरस्कृत
समागम के दौरान दस्तार बच्चों व युवाओं को दस्तार सजाने के गुर भी सिखाए जा रहे हैं। यह सेवा दस्तार कोच सिमरनजीत सिंह अपने सहयोगियों के साथ मिलकर रहे हैं। प्रतिदिन वे बच्चों एवं युवाओं को जहां दस्तार के महत्व एवं इतिहास की जानकारी बता रहे हैं तो वहीं उन्हें दस्तार सजाने के गुर सिखाने के साथ-साथ दस्तार सजाने के लिए प्रेरित भी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि समागम के पहले दिन से दस्तार मुकाबले करवाए जा रहे हैं। विजेता प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करने के लिए पहले स्थान पर रहने वाले प्रतिभागी को 1100 रुपये, दूसरे स्थान पर रहने वाले 700 तथा तीसरे स्थान पर रहने वाले प्रतिभागी को 500 रुपये का पुरस्कार देकर सम्मानित किया जा रहा है।