संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। सर, मुझे पूरा खतरा है। पुलिस सुरक्षा दे रही और न ही एसएचओ कोई सुनवाई कर रहे। वह न्याय के लिए भटक रहा है। आपके सामने पुलिस के अधिकारी झूठ बोल रहे हैं। यह आरोप लगाते हुए गांव यारा के एक किशोर ने न्याय की गुहार लगाई। उसने कहा कि उसके पिता ने दिसंबर 2024 में उसके पूरे परिवार की हत्या कर दी थी, जिसमें वही बचा था। बुआ ने अपने पास रखा तो वह भी प्रताड़ित करने लगी।
बुआ ने उनकी धनराशि व सोना-चांदी भी कब्जे में ले लिया। एसएचओ को शिकायत देने के बावजूद बुआ को विदेश जाने का मौका दे दिया। इस पर खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले के राज्यमंत्री राजेश नागर हैरान रह गए। उन्होंने पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिए कि ऐसे एसएचओ को इस थाने से तत्काल हटाया जाए। संबंधित महिला के सास-ससुर को भी जांच में शामिल किया जाए। राज्यमंत्री सोमवार को जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक में समस्याएं सुन रहे थे। उन्होंने 14 में से नौ शिकायतों का मौके पर समाधान किया और पांच लंबित शिकायतों पर कार्रवाई करने के आदेश दिए।