इस्माईलाबाद। इनोवा गाड़ी की टक्कर में साइकिल सवार बुजुर्ग की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के पुत्र की शिकायत पर गाड़ी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जसविन्द्र सिंह वासी गांव खेड़ी शहीदां ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके पिता छज्जू राम राधा स्वामी सत्संग घर व्यास ब्रांच इस्माईलाबाद में सेवा करते हैं। शाम करीब चार बजे सत्संग घर इस्माईलाबाद से अपनी साइकिल पर सवार होकर घर के लिए चले थे। वह भी अपनी बाइक पर अपने घर खेड़ी शहीद के लिए जा रहा था। उसने देखा कि जब उसके पिता अपनी साइकिल पर जब मेन अंबाला-हिसार रोड नजदीक डेहा बस्ती पहुंचे तो पीछे से आ रही गाड़ी ने उसकी साइकिल को टक्कर मार दी, जिससे उसके पिता सड़क पर गिर कर घायल हो गए तथा उनकी साइकिल भी टूट गई। इस दौरान गाड़ी चालक गाड़ी को मौके पर छोड़ कर फरार हो गया।
राहगीरों की मदद से एंबुलेंस का इंतजाम करके घायल को पिहोवा अस्पताल में लेकर गए जहां पर डाक्टर ने उसके पिता को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने जसविंदर सिंह की शिकायत पर गाड़ी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।