कुरुक्षेत्र। ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के गुर्गे, मोस्टवांटेड बदमाश सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया। गुर्गे व अन्य के पास से पुलिस ने अवैध हथियार बरामद करने के साथ ही एक व्यक्ति को 50 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़ा। अभियान के तहत पुलिस ने 12 टीमें गठित की थीं। टीम ने विभिन्न स्थानों पर छापामारी करके इन आरोपियों को दबोच लिया।
पुलिस प्रवक्ता नरेश सागवाल ने बताया कि सीआईए-दो ने एक हजार के इनामी मोस्ट वांटेड आरोपी धन्ना निवासी पानरा जिला पटियाला (पंजाब) को गिरफ्तार किया। आरोपी धन्ना के खिलाफ वर्ष 2020 में थाना सदर पिहोवा के तहत अपने साथियों के साथ मिलकर हथियार के बल पर शराब के ठेके से शराब और पैसे छीनने का मामला दर्ज है। वहीं टीम ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के गुर्गे सविंद्र उर्फ साजन निवासी शरीफगढ़ को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक देसी पिस्टल व दो कारतूस बरामद हुए। आरोपी के खिलाफ थाना शाहाबाद में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सीआईए-एक ने गौरव कुमार उर्फ गौरव पंडित निवासी जंधेडी को अवैध हथियार के साथ काबू किया है। आरोपी के कब्जे से एक कट्टा व कारतूस बरामद किया। वहीं टीम ने अंकित कुमार उर्फ मोगली निवासी उगाला (अंबाला) को 50 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। इसके अलावा अदालत से भगोड़ा घोषित दलीप निवासी बराड़ा (अंबाला) को भी दबोच लिया। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।