संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। शहरी स्थानीय निकाय चुनावों को निष्पक्ष एवं पारदर्शी रूप से संपन्न करवाने के लिए सभी अधिकारी चुनावी प्रक्रिया की निरंतर मॉनिटरिंग करते रहे। इन चुनावों में आदर्श आचार संहिता का शत प्रतिशत पालन करवाना सुनिश्चित किया जाए। ये जानकारी उपायुक्त नेहा सिंह ने दी। उन्होंने कहा कि चुनाव से संबंधित अधिकारी मतदान केंद्रों, विशेषकर संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों का दौरा करें। उन्होंने कहा कि चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों, उनके प्रतिनिधियों, राजनीतिक दलों की ओर से मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए नकदी या शराब, कपड़े या किसी अन्य सामग्री के वितरण पर निगरानी बनाए रखें। चुनाव के पूरा होने तक राज्य चुनाव आयोग को प्रतिदिन जब्त की कार्रवाई की जानकारी दी जाए।
उन्होंने कहा कि असामाजिक तत्वों, हिस्ट्रीशीटरों, भगोड़े, घोषित अपराधियों, पैरोल,फरलो पर आए लोगों, पूर्व दोषियों आदि की आवाजाही पर विशेष निगरानी रखें, साथ ही कानून एवं व्यवस्था से संबंधित सभी शिकायतों पर जिला प्रशासन द्वारा तुरंत प्रभावी कार्रवाई करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि ऑब्जर्वर्स चुनाव लडऩे वाले उम्मीदवारों, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और जनता से मिलने का समय तय करें और उनकी शिकायतें, समस्याएं और सुझाव सुनते हुए उन्हें संबंधित पुलिस अधीक्षक और रिटर्निंग अधिकारी को अमल में लाना सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि 19 फरवरी को चुनाव चिह्न के आबंटन के मौके पर पर्यवेक्षक मौके पर उपस्थित रहेंगे।