कुरुक्षेत्र। राजकीय आदर्श संस्कृत वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खैरी में बच्चों के साथ शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने मिड-डे मील खाया। इसके साथ ही विद्यालय में जल व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरा, पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम व सोलर सिस्टम का अवलोकन भी किया।
जिला शिक्षा अधिकारी अरुण आश्री विभाग के अन्य अधिकारियों के साथ मंगलवार को नवनिर्मित तीन कमरों का उद्घाटन करने विद्यालय में आए थे। पर्यावरण संरक्षण के संदेश के लिए विद्यालय परिसर में पौधरोपण किया गया व जागरूकता के लिए रैली को हरी झंडी दिखाई। इसके बाद विद्यालय में राष्ट्रीय संसाधन छात्रवृत्ति परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थी आर्यन, स्नेहा, जागृति, सुहानी व आयुषीव को सम्मानित किया।
प्रधानाचार्य दया सिंह स्वामी ने विद्यालय में हो रहे सभी रचनात्मक कार्यों का श्रेय विद्यालय की टीम को दिया। विनोद कौशिक ने बच्चों को अपने जन्मदिन पर कम स् कम एक पौधा अवश्य लगाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी अनिल जिंदल भी मौजूद रहे।