संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। श्रीकृष्णा राजकीय आयुर्वेदिक कॉलेज के विद्यार्थियों ने 21वें दिन कुलपति के कार्यालय पर ताला जड़ दिया। कुलपति को कार्यालय में नहीं घुसने दिया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने विवि प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यालय पर ताला लगाए जाने के बाद कुलपति को पांच घंटे कार्यालय से बाहर रहना पड़ा।
इससे पहले विद्यार्थियों ने धरनास्थल से कॉलेज परिसर तक विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ रोष मार्च निकाला। छात्र अपने हाथों में बैनर लिए नारेबाजी करते हुए कुलपति कार्यालय पहुंचे। यहां प्रदर्शन करने के बाद कुलपति के कार्यालय को ताला लगा दिया। विद्यार्थियों ने कुलपति कार्यालय पर पांच घंटे डेरा डाले रखा और किसी को भी कार्यालय में घुसने नहीं दिया। इस घेराव के चलते कुलपति को पांच घंटे तक उनके कार्यालय में नहीं जाने दिया गया। इस दौरान विद्यार्थी उनके कार्यालय के बाहर ही धरना-प्रदर्शन करते रहे। करीब 11 बजे विद्यार्थियों ने कार्यालय का ताला खोल दिया गया, जिसके बाद कुलपति अपने कार्यालय पहुंचे।
विद्यार्थी पिछले 21 दिन से एमबीबीएस विद्यार्थियों के समान इंटर्नशिप भत्ता तथा स्नातकोत्तर विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति बढ़ाने सहित अन्य लंबित मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं। वहीं अनशन के सातवें दिन मनीष, रचना, सोनू व प्रीति भूख हड़ताल पर रहे। विद्यार्थियों का कहना है कि अगर आयुष विश्वविद्यालय प्रशासन उनकी मांगों को पूरा नहीं करता तो वह लोग आमरण अनशन करने को मजबूर होंगे।
उनकी सभी मांगें जायज हैं और विवि प्रशासन को उनकी मांगे माननी ही पड़ेगी। इन 21 दिनों में विवि प्रशासन ने उनकी मांगों को लेकर सिर्फ आश्वासन ही दिया। अगर उनकी मांगे नहीं मानी गई तो उनका वे लोग उग्र प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। वहीं कुलपति के कार्यालय पर ताला लगाने पर विवि की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई।