पिहोवा। स्याणा खुर्द गांव में एनआरआई महिला के मकान को निशाना बनाते हुए चोर घर से 25 तोले सोना और विदेशी मुद्रा चुराकर फरार हो गए। चोरों ने घर के सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए। इसके बाद साथ लगते मकान में भी चोरी करने का प्रयास किया। पुलिस की जांच में गांव के बस अड्डे के पास तीन संदिग्ध युवक फुटेज में दिखाई दिए हैं।
थाना सदर पिहोवा में दर्ज शिकायत में राजकौर निवासी चचनपुर छैलो ने बताया कि उसकी बड़ी बहन सतवंत कौर अपने परिवार के साथ काफी समय से जर्मनी में रहती है। उसका स्याणा खुर्द गांव में एक मकान है। इस मकान की देखरेख के लिए वह करीब तीन साल से इस मकान में रह रही है। कुछ दिन पहले उसकी छोटी बहन परमिंद्र कौर की मौत हो गई थी। उसकी रस्म क्रिया (भोग) में शामिल होने के लिए उसकी बहन सतवंत कौर तीन मार्च को जर्मनी से गांव आई थी। यहां से वे दोनों अपनी बहन की रस्म क्रिया में शामिल होने के लिए चचनपुर छैलो चली गई थी। यहां उन्हें सूचना मिली कि उनके घर के मेन गेट का ताला टूटा पड़ा है। सूचना पर दोनों बहन दोबारा स्याणा खुर्द गांव पहुंची तो घर के अंदर का सारा सामान बिखरा पड़ा था। चोर घर से 25 तोले सोने के जेवर और 1100 यूरो चुराकर फरार हो गए थे। चोरों ने घर के सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए। शिकायत पर पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर मामला दर्ज कर लिया।