संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। देश-विदेश से आने व जाने वाले यात्रियों के जहन में अब गीता के संदेश उतरेंगे। अब यात्री एयरपोर्ट पर गीता के संदेश पढ़ सकेंगे। देश के हर एयरपोर्ट से लेकर दूतावास परिसरों में भी गीता संदेश का प्रचार-प्रसार होगा। इसके लिए बड़े होर्डिंग, बोर्ड आदि लगाए जाएंगे।
इस बार अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव और भी व्यापक रूप से मनाया जाएगा। इसके लिए छह माह पहले ही तैयारी शुरू कर दी जाएगी। यहां तक कि अभी से ही इसकी योजना पर विचार किया जाने लगा है।
स्वामी ज्ञानानंद ने पत्रकारों से चर्चा में कहा कि गीता संदेश पूरी मानवता के लिए है, जो सही दिशा की ओर ले जाता है। ऐसे में विदेशों तक भी ये संदेश पहुंचे, इसके लिए अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव पिछले कई वर्षों से मनाया जा रहा है। अब गीता संदेश के बड़े प्रचार-प्रसार के लिए योजना तैयार की है। इसके तहत केंद्र सरकार के साथ चर्चा कर देश के हर एयरपोर्ट व दूतावासों के परिसर में गीता संदेश देते होर्डिंग व बोर्ड आदि लगाए जाएंगे। इनकी अनुमति के लिए प्रयास शुरू कर दिए गए हैं।