कुरुक्षेत्र। मेगामार्ट वाली गली में दो कार चालकों के बीच कार पीछे हटाने की बात पर कहासुनी हो गई। जिसमें एक कार चालक ने दूसरे पर ईंट से कई बार हमला कर दिया। इसके चलते वह गंभीर रूप से घायल हो गया है।
पुलिस को दी शिकायत में कैथल के पबनावा के रहने वाले 29 वर्षीय अजय ने आरोप लगाते हुए बताया कि वह मेगामार्ट से सामान खरीदकर घर वापस जा रहा था। उसी समय एक कार सामने से आई और गली संकरी होने की वजह से उसने उस युवक को कार पीछे हटाने को कहा। उसने कार पीछे नहीं की इस पर दोनों में कहासुनी हो गई तभी बराबर में बैठे युवक ने नीचे उतरकर ईंट से उसके सिर पर प्रहार कर दिया व मोबाइल छीन लिया। उसके सिर से खून निकलता देख दोनों युवक अपनी कार लेकर मौके से भाग गए। पुलिस ने कार नंबर के आधार पर दोनों युवकों का पता लगाना शुरू कर दिया है।
पेंट व हार्डवेयर शोरूम से चोरी
कुरुक्षेत्र/पिपली। शहर के पेंट व हार्डवेयर शोरूम से चोरी हो गई है। चोरी में लगभग 60 हजार रुपये के करीब नकदी व मोबाइल टैब चोरी हो गए हैं। पुलिस को दी शिकायत में सेक्टर पांच के रहने वाले मुकेश चोपड़ा का कहना है कि वह अपने शोरूम को रात के समय अच्छे से बंद करके आया था। रात के समय उसने अपनी दवाइयां संभाली तो उसे याद आया कि वह दवाइयां शोरूम में भूल आया है। रात के समय तीन बजे के करीब दवाइयां वापस लेने आया तो उसने देखा कि उसके शोरूम का शटर खुला है व लाइटें जल रही हैं। शोरूम का सामान संभालने पर उसे गल्ले से लगभग 60 हजार रुपये की धनराशि व तीन मोबाइल टैब गायब मिले।