कुरुक्षेत्र। धर्मनगरी को स्वच्छ बनाया जाएगा ताकि स्वच्छ सर्वेक्षण की टॉप रैंकिंग में शुमार किया जा सके। इसके लिए 31 मई तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसे सफल बनाने के लिए फील्ड में टीमें उतार दी गई हैं। इतना ही नहीं शहर की गलियों और चौराहों पर कूड़ा फेंकने वाले लोगों पर अब सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से नजर रखी जाएगी। इस विषय को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन की तरफ से कुछ जगह निर्धारित की हैं जहां लोग कूड़ा डालने से नहीं हट रहे। ऐसी जगहों पर सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से नजर रखने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए है। इतना ही नहीं सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा डालने वाले लोगों का चालान कर जुर्माना किया जाएगा।
जिला नगर आयुक्त सतेंद्र सिवाच ने कहा कि थानेसर शहर को स्वच्छता सर्वेक्षण की टॉप रैंकिंग में लाने के लिए किए जा रहे प्रयास में और तेजी लाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि शहर में 31 मई तक थानेसर के 32 वार्डों में सफाई अभियान चलाया गया है। इसके लिए नगर परिषद के अधिकारियों को भी चिन्हित किया गया है। लेखा अधिकारी मनोज कुमार के निरीक्षण में मोहन नगर चौक से पुलिस लाइन तक पॉलिथीन का उपयोग करने वाले और गंदगी फैलाने वाले लोगों पर चालान की कार्रवाई अमल में लाई गई। इस विशेष अभियान के अंतर्गत 23 चालान किए गए और 4200 रुपये का जुर्माना वसूला गया और साथ ही साथ सफाई अभियान चलाया गया। इसमेंं आईईसी एक्सपर्ट बीरेंद्र कुमार भारद्वाज, राजेश कुमार, विशाल कुमार, अशोक दरोगा, सुरेश दरोगा, और सत्यवान दरोगा के साथ में उनकी 40 सदस्यों की टीम मौजूद रही।
सड़क किनारे दुकानें लगाने वालों को भी कड़े निर्देश
उन्होंने दुकानदारों को कहा कि दुकानों को नाले के पीछे लगाने की लिए कहा गया और लोगों से अपनी अपनी दुकानों पर डस्टबिन रखने के निर्देश दिए गए। दुकानदारों ने अपनी-अपनी दुकानें हटाने का कार्य भी शुरू कर दिया और सड़कों को अतिक्रमण मुक्त करने लगे।