कुरुक्षेत्र। धर्मनगरी से अब ढांड व कैथल के लिए सफर सुगम होगा। राहगीरों को गहरे गड्ढाें से निजात मिल पाएगी तो वहीं हादसों की आशंका भी कम होगी। इसके लिए थानेसर विधानसभा क्षेत्र सीमा तक 15 किलोमीटर लंबी सड़क का पुर्ननिर्माण किया जाएगा। इस पर तीन करोड़ 92 लाख रुपये खर्च होंगे।
सड़क पुर्न निर्माण कार्य का पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पहले यह सड़क सात मीटर चौड़ी थी, जिसके करीब चार साल पहले इसे 10 मीटर चौड़ा किया गया था। वर्तमान समय में यह सड़क गड्ढों में तब्दील हो चुकी थी और हादसों की आशंका बढ़ने लगी थी। अब तय समय में यह निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा, जिसके बाद यहां से गुजरने वाले राहगीरों की राह आसान हो सकेगी। इससे आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों को भी फायदा होगा। जहां सफर सुगम होगा वहीं समय की बचत भी होगी। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण कार्य में गुणवत्ता व समय सीमा का विशेष ध्यान रखा जाएगा।