कुरुक्षेत्र। जिला नागरिक अस्पताल व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में इन दिनों मरीजों को दवा नसीब नहीं हो रही। वेयर हाउस से दवा का स्टॉक ना आना इसकी मुख्य वजह है। व्यवस्था बनाने के लिए प्रशासन स्थानीय स्तर पर खरीद रहा है, लेकिन इसमें बजट का अभाव आड़े आ रहा है। ऐसे में पर्याप्त मात्रा में दवा की खरीद नहीं हो पा रही है।
जिलेभर के 31 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में गर्भवती महिलाओं को दी जाने वाली आयरन व कैल्शियम तक की दवा स्वास्थ्य विभाग उपलब्ध नहीं करा पा रहा। चिकित्सकों के मुताबिक 70 फीसदी महिलाओं में आयरन व कैल्शियम की कमी होती है। जिलेभर में इस समय करीब 14 हजार गर्भवती महिलाएं है। हर महिला को आयरन की गोली की जरूरत पढ़ती है। हर माह स्वास्थ्य केंद्रों में करीब दो लाख आयरन की गोलियों की खपत होती है। जिले में हर माह 1100 से 1200 महिलाओं की डिलीवरी हो रही है। दोनों स्थिति में आयरन व कैल्शियम महिलाओं के लिए जरूरी होता है।
ये दवाएं करीब एक माह से खत्म : प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में लाइनजोलिड, ग्लूकोज स्ट्रिप्स, सेप्ट्रान डीएस, ओ फ्लोक्स, ट्रीपशिन, डेरीफाइन इंजेक्शन, फेनिटोइन, कफ सिरप करीब एक माह से खत्म है। इनमें कुछ दवा ऐसी हैं जो करीब दो माह से अस्पताल में नहीं मिल रही। संवाद