कुरुक्षेत्र। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) कुरुक्षेत्र में मेस कर्मचारियों का मांगों के लिए चल रहा आंदोलन 17 दिन बाद गुरुवार को स्थगित हो गया। प्रदर्शन के दौरान कार्यवाहक निदेशक प्रो. ब्रह्मजीत कर्मचारियों से बातचीत करने के लिए बाहर पहुंचे। उन्होंने कर्मचारियों की मांगें सुनीं और कहा कि मांगों को संज्ञान में लिया जाएगा। हालांकि, डिप्टी चीफ वार्डन को हटाने की मांग पर उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि उन्हें नहीं हटाया जाएगा।
उन्होंने कर्मचारियों से कहा कि उनकी अन्य मांगों के लिए वार्डन को अवगत करा दिया गया है और वे उनसे संपर्क करें। निदेशक के साथ बातचीत के बाद मेस कल्याण कर्मचारी संघ ने संस्थान प्रशासन के साथ बनी सहमति के आधार पर आंदोलन को स्थगित करने का निर्णय लिया। संघ की ओर से निदेशक को सौंपे गए पत्र में कहा गया कि वीरवार को हुई बातचीत में निदेशक, कुलसचिव, चीफ वार्डन और संघ के पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन की ओर से मांगों के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया गया।
मेस कल्याण कर्मचारी संघ के प्रधान विजय तिवारी ने कहा कि प्रशासन के साथ हुई बातचीत और आश्वासन के बाद आंदोलन फिलहाल स्थगित किया गया है। संघ की ओर से मांगों का जल्द निस्तारण और आवश्यक आदेश जारी करने की उम्मीद जताई गई है।