कुरुक्षेत्र। पुण्यदायिनी निर्जला एकादशी का व्रत इस बार 25 जून को रखा जाएगा। ज्येष्ठ मास के शुक्ल पक्ष की इस एकादशी का शास्त्रों में विशेष महत्व है। एक निर्जला एकादशी का व्रत साल भर की 24 एकादशियों का पुण्य फल देता है। इस दिन पानी पीना वर्जित माना गया है। पद्म पुराण कहता है कि विष्णुजी की श्रद्धापूर्वक पूजा करें। इससे मेरु पर्वत के समान पापों से मुक्ति और मोक्ष मिलता है। स्नान, दान और जप जैसे कार्य अक्षय हो जाते हैं। ज्योतिषाचार्य रामराज कौशिक ने बताया कि इसे भीमसेनी एकादशी भी कहते हैं। एकादशी तिथि 24 जून शाम छह बजकर 13 मिनट से 25 जून शाम आठ बजकर 10 मिनट तक रहेगी। उदया तिथि के अनुसार, व्रत 25 जून को ही किया जाएगा।
पंडित बलराज ने कहा कि पद्म पुराण के अनुसार भीमसेन ने व्यासजी से व्रत पूछा था। व्यासजी ने उन्हें ज्येष्ठ मास की एकादशी को निर्जल रहने को कहा। उन्हाेंने बताया कि धन वृद्धि के लिए भगवान विष्णु का गंगाजल और पीले चंदन से अभिषेक करें। उन्हें बेसन के लड्डू, पीले फल, गुड़ और चने की दाल का भोग लगाएं। ॐ नमो भगवते वासुदेवाय नमः का जाप और श्री विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ करें। श्री हरि को हल्दी की गांठ और पीले वस्त्र अर्पित करें। निर्जला एकादशी पर मां तुलसी और लक्ष्मी माता को शृंगार सामग्री चढ़ाएं।