लाडवा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एनीमिया एलिमिनेशन माह की बैठक में शामिल हुए स्वास्थ्य विभ
- फोटो : Archive
लाडवा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मंगलवार को एनीमिया उन्मूलन माह के तहत एक बैठक हुई। इसमें क्षेत्र में व्यापक जांच अभियान चलाने की रूपरेखा तैयार की गई। इस अभियान का लक्ष्य लाडवा की करीब 1.15 लाख आबादी में एनीमिया की पहचान और उपचार करना है।
एसडीएम अनुभव मेहता ने बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने एनीमिया को गंभीर जनस्वास्थ्य समस्या बताया। इसके नियंत्रण के लिए स्वास्थ्य, शिक्षा और महिला एवं बाल विकास सहित सभी विभागों को समन्वय से कार्य करना होगा। अधिकारियों को अभियान प्रत्येक गांव और वार्ड तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए। अधिक से अधिक लोगों की जांच सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. कृष्णकांत ने अभियान की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि छह माह से 59 माह तक के बच्चों की जांच होगी। पांच से नौ वर्ष के बच्चे, 10 से 19 वर्ष के किशोर-किशोरी भी शामिल होंगे। 15 से 49 वर्ष की महिलाएं, गर्भवती और धात्री माताएं भी जांची जाएंगी। प्रभावित लोगों की पहचान कर उपचार शुरू होगा, गंभीर मरीजों को जिला स्तर पर रेफर किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सुधारना और एनीमिया मुक्त समाज बनाना है।