इस्माईलाबाद। फ्रांस के पेरिस में नारायणगढ़ मोहल्ले के निवासी गुरमेल सिंह उर्फ सोनू की हृदय गति रुकने से अचानक मौत हो गई। विदेश में युवक की असामयिक मौत की खबर मिलते ही नारायणगढ़ मोहल्ले सहित पूरे कस्बे में गम का माहौल छा गया।
परिजनों को सांत्वना देने के लिए रिश्तेदारों, दोस्तों और स्थानीय लोगों का तांता लगा रहा। गुरमेल सिंह के दोस्त लखवीर सिंह ने बताया कि गुरमेल सिंह बेहद मिलनसार, सहज और हर किसी के दुख-सुख में साथ खड़े रहने वाले व्यक्ति थे।
उन्होंने 2021 में रोजगार की तलाश में फ्रांस गए थे, वहां वे पेंटर के रूप में काम कर रहे थे। फ्रांस में स्थायी होने के बाद वह करीब तीन माह पहले परिवार से मिलने भारत आए थे। कुछ दिन ठहरने के बाद उन्होंने 2 मार्च को वापसी की टिकट बुक कराई थी लेकिन ईरान-इस्राइल/अमेरिका युद्ध के कारण उड़ानें प्रभावित होने से टिकट रद्द हो गईं। इसके बाद वे 11 मार्च को उपलब्ध फ्लाइट से पेरिस लौट गए थे।
पिछले दिनों काम पर जाते समय रास्ते में ही हृदय गति रुकने से बेहोश होकर सड़क पर गिर पड़े। उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। फ्रांस में रहने वाले परिचितों ने इसकी सूचना परिजनों को दी। मृतक गुरमेल सिंह की दो बेटियां थी। परिजन अब मृतक के शव को भारत लाने की प्रक्रिया में जुट गए हैं। स्थानीय प्रशासन और दूतावास से संपर्क कर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।