इस्माईलाबाद। गांव डल्ला माजरा के समीप नरवाना ब्रांच नहर में हाथ पैर बंधे हुए एक युवक का शव बरामद हुआ है। शव के सिर व माथे पर गहरी चोट के निशान भी मिले हैं, जिन्हें देखकर पुलिस हत्या की आंशका जता रही है। मृतक का संबंध पंजाब से होने की संभावना जताई जा रही है। शव को देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि तीन से चार दिन पहले युवक की हत्या करने के बाद सबूत मिटाने के मंशा से शव नहर में फेंक दिया गया है।
मृतक युवक के पहने हुए कपड़ों की तलाशी ली गई, लेकिन पुलिस को कुछ नहीं मिला। मृतक की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। ग्रामीणों ने नहर में शव देखने के बाद गोताखोर प्रगट सिंह व पुलिस को सूचना दी। गोताखोर प्रगट सिंह ने शव को नहर से निकालकर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने एसएफएल टीम को मौके पर बुलाकर मौके से साक्ष्य जुटाए। शव की बाजू पर पंजाबी में सहोता लिखा हुआ है। थाना प्रभारी निरीक्षक जगदीश शर्मा ने बताया डायल 112 से सूचना प्राप्त हुई थी। शव के हाथ-पांव बंधे होने पर गहरी चोट के निशान मिले हैं। प्राथमिक जांच में टीम हत्या कर शव नहर में फेंकने की दिशा में जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि मृतक का संबंध पंजाब से हो सकता है। इसलिए आस-पास के थानों में वीटी करवा दी है।