शाहाबाद। नगरपालिका कार्यालय में शुक्रवार को लाल डोरा क्षेत्र की संपत्तियों से संबंधित प्रमाणपत्र वितरण कार्यक्रम किया गया, जिसमें भाजपा नेता सुभाष कलसाना ने लाभार्थियों को संपत्ति प्रमाणपत्र सौंपे। 52 संपत्ति धारकों को प्रमाणपत्र मिलने पर उनके चेहरे खुशी से खिल उठे।
नगरपालिका प्रधान गुलशन कवातरा और सचिव बंबूल सिंह मलिक ने बताया कि लाल डोरा के अंतर्गत आने वाली संपत्तियों को वैधता देने की प्रक्रिया के तहत अब तक लगभग 300 आवेदन प्राप्त हुए हैं। उनमें से 52 पात्र लाभार्थियों को संपत्ति प्रमाणपत्र जारी किए जा चुके हैं। शेष आवेदनों पर कार्य चल रहा है और जैसे ही दस्तावेज पूरे होंगे, संबंधित व्यक्तियों को भी प्रमाणपत्र सौंप दिए जाएंगे। लाल डोरा की जमीन से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए नगरपालिका पूरी गंभीरता से काम कर रही है। उन्होंने अपील की कि जिन पात्र लोगों ने अब तक आवेदन नहीं किया है, वे जल्द से जल्द आवेदन कर इस सरकारी योजना का लाभ उठाएं।