कुरुक्षेत्र। समस्त श्यामप्रेमी परिवार की ओर से शुक्रवार रात्रि विष्णु कॉलोनी में 542वां भव्य श्री श्याम संकीर्तन व भंडारा आयोजित किया गया। आयोजक महेंद्र पाल मित्तल, विमला देवी, रीटा देवी परिवार सहित समस्त विष्णु कॉलोनी महिला मंडल की सदस्याओं ने श्याम पूजन में हिस्सा लिया। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने पंक्तिबद्ध होकर भव्य श्याम दरबार के दर्शन किए। इस दौरान भक्तों को अबीर गुलाल लगाया गया और फूलों की होली खेली गई।
गायक बहादुर सैनी और जतिन जिंदल ने भजनों के माध्यम से खाटू श्याम जी की गाथा सुनाई, कि किस तरह उन्होंने श्री कृष्ण के आह्वान पर महाभारत युद्ध भूमि में अपने शीश का दान दिया था। श्री कृष्ण एवं माता अहिल्यावती के आशीर्वाद स्वरूप वे आज जगत में हारे के सहारे के नाम से विख्यात हैं। खाटू में दरबार लगा, बैठा है सरकार वहां..., काली कमली वाला मेरा यार है..., झुक गई बड़ी-बड़ी सरकार तेरी मोरझड़ी के आगे... और मेला लगा है खाटू की गलियों में....इत्यादि भजनों पर ताली बजाते हुए सभी श्याम प्रेमी झूम उठे।
श्यामप्रेमी अजय गोयल ने बताया कि संकीर्तन के पश्चात आरती हुई और आरती के बाद श्याम जी का पुष्प श्रृंगार भक्तों को प्रदान किया गया। मान्यता है कि पुष्प श्रृंगार से सभी बाधाएं दूर होती हैं। भंडारे में सभी भक्तों ने भोजन प्रसाद ग्रहण किया। श्री श्याम आरती में पंडित महेश भारद्वाज, अरुण गोयल,अनुज सिंगला, अनिल मित्तल,संजय चौधरी, गौरव गुप्ता,मोहित तायल, गिरीश गर्ग, शुभम अरोड़ा, श्याम बंसल, सतीश मेहता सहित अन्य श्रद्धालु मौजूद रहे।