संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाकर नाराज पालिका कर्मियों ने हाथ में झाड़ू लेकर लघु सचिवालय पर रोष प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने बुधवार को गुरुग्राम कमिश्नरी के सभी उपायुक्त कार्यालय, 28 जुलाई को रोहतक कमिश्नरी और 29 जुलाई को करनाल कमिश्नरी के सभी जिला उपायुक्त कार्यालयों पर प्रदर्शन करने की चेतावनी दी। इसके बाद भी सरकार ने उनकी मानी गई मांगों पर पत्र जारी नहीं किए तो पालिका, परिषद, निगम व अग्निशमन विभाग के कर्मचारी एक से 10 अगस्त तक सभी विधायकों के आवास और कार्यालयों पर प्रदर्शन करेंगे।
पालिका कर्मचारी संघ के राज्य प्रधान नरेश शास्त्री ने कहा कि सरकार कर्मचारियों के साथ वादाखिलाफी कर रही है। सरकार ने 10 मई और 28 जून को हुए समझौते में शहरी स्थानीय निकाय मंत्री की ओर से अग्निशमन विभाग को मुख्यमंत्री से बात करके विभाग में शामिल करके हरियाणा कौशल रोजगार निगम को भंग करने, कोविड-19 से हुई मृत्यु पर कर्मचारियों के आश्रितों को 50 लाख रुपये आर्थिक सहायता राशि, आश्रित परिवार के सदस्य को नौकरी देने, चार हजार रुपये जोखिम भत्ता देने, नए पद सृजित करके पक्की भर्ती करने सहित 19 मांगों पर सहमति दी थी। आज तक सरकार ने न तो बैठक की कार्रवाई रिपोर्ट जारी की और न ही मानी गई मांगों के पत्र जारी किए हैं।
इस पर मजबूर होकर पालिका, परिषद, निगम और अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। प्रदर्शनकारियों कहा कि सरकार के इस रवैया से कर्मचारियों में भारी आक्रोश है और 20 अगस्त को रोहतक में होने वाली आक्रोश रैली में सरकार के खिलाफ पालिका, परिषद, निगम एवं अग्निशमन विभाग के कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल का फैसला करने के लिए मजबूर होंगे। इस मौके पर सुरेश, कृष्ण, सूरजभान, कर्मवीर, पवन, बिमला, लाजो, गुड्डी, संतरों, सुनीता, दर्शन, केशाराम, बलराम, प्रदीप, नीलम, ईशम सिंह, सोनू आदि मौजूद रहे।