कुरुक्षेत्र। ब्रह्मसरोवर स्थित पुरुषोत्तमपुरा बाग में श्री कृष्ण आयुष विश्वविद्यालय की ओर से 10वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में शुक्रवार को 43वां काउंटडाउन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में नगर परिषद थानेसर की चेयरपर्सन माफी ढांडा, पूर्व चेयरपर्सन उमा सुधा शिरकत करेंगी, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता आयुष विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. वैद्य करतार सिंह धीमान करेंगे। विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. ब्रिजेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि इस भव्य कार्यक्रम में शहर की योग संस्थाओं समेत कई स्कूलों के 700 से अधिक साधक हिस्सा लेंगे।
गुरुवार सुबह विश्वविद्यालय परिसर में योग प्रोटोकॉल की फाइनल रिहर्सल आयोजित की गई, जिसमें विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों व योग प्रशिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रिहर्सल के दौरान प्रतिभागियों को पूर्ण प्रोटोकॉल के अनुसार अभ्यास करवाया गया ताकि नौ मई को ब्रह्मसरोवर तीर्थ परिसर स्थित पुरुषोत्तम पुरा बाग में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में सभी साधक योगाभ्यास को एकसमानता और अनुशासन के साथ कर सकें। इस अवसर पर कुलपति प्रो. वैद्य करतार सिंह धीमान व कुलसचिव प्रो. ब्रिजेंद्र सिंह तोमर भी स्वयं उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम न केवल योग के प्रचार-प्रसार का माध्यम है, बल्कि समाज को स्वस्थ भारत-समर्थ भारत की दिशा में प्रेरित करने का सशक्त प्रयास भी है।