अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव-2021 में 28 नवंबर को होने वाली मैराथन के लिए अभी तक 500 से अधिक खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है। इच्छुक खिलाड़ी 26 नवंबर शाम पांच बजे तक अपना पंजीकरण द्रोणाचार्य स्टेडियम में खेलकूद विभाग के कार्यालय में करा सकते हैं। जिला प्रशासन की ओर से इस मैराथन के लिए पुरुष और महिला वर्ग के लिए रूट प्लान भी तैयार कर लिया है।
उपायुक्त मुकुल कुमार ने अपने कार्यालय में बुधवार को देर सायं बातचीत करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के तहत 28 नवंबर को होने वाली मैराथन में पुरुष वर्ग के लिए 10 किलोमीटर की दौड़ होगी। इस दौड़ की शुरुआत ब्रह्मसरोवर पुरुषोत्तमपुरा बाग से होगी। यहां से प्रतिभागी ब्रह्मसरोवर के दक्षिण द्वार से निकलकर बीआर इंटरनेशनल चौक, ब्रह्मानंद चौक, सुंदरपुर फ्लाईओवर, शहीदी उधम सिंह चौक, डीसी व एसपी निवास, द्रोणाचार्य स्टेडियम के सामने से होते हुए नए बस स्टैंड पिपली रोड पर पहुंचेंगे। यहां से प्रतिभागी मोहन नगर पुल से होते हुए पुराने बस स्टैंड, छठी पातशाही गुरुद्वारा, पैनोरमा, अर्जुन चौक, केडीबी कार्यालय के सामने से होते हुए ब्रह्मसरोवर के मुख्य द्वार के अंदर से पुरुषोत्तमपुरा बाग तक पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि महिला वर्ग की दौड़ 5 किमी की होगी, यह दौड़ भी पुरुषोत्तमपुरा बाग से शुरू होकर ब्रह्मसरोवर के दक्षिण द्वार से अनाज मंडी चौक होते हुए सभी प्रतिभागी डीएन कॉलेज के आगे से निकलकर रेलवे रोड पर पहुंचेंगे, इसके बाद सभी महिला प्रतिभागी छठी पातशाही गुरुद्वारा, पैनोरमा, अर्जुन चौक, केडीबी कार्यालय के सामने से होते हुए ब्रह्मसरोवर के मुख्य द्वार के अंदर से पुरुषोत्तमपुरा बाग तक पहुंचेंगी।
जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम विभाग की तरफ से मैराथन के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटियां लगा दी गई है। इस मैराथन में महिला व पुरुष वर्ग के दो वर्ग बनाए गए है। प्रत्येक वर्ग में पहले 10 स्थानों पर आने वाले धावकों को नगद पुरस्कार दिया जाएगा। इस पुरस्कार की राशि 31 हजार रुपये से लेकर 2100 रुपये तक तय की गई है।