दुकानदारों से हफ्ता वसूली, मारपीट के मामले के विरोध में बुधवार को मोहन नगर मार्केट एसोसिएशन के बैनर तले दुकानदारों ने रोष जताया। चार घंटे तक 600 के करीब दुकानों पर ताले बंद कर पूरा बाजार बंद रखा। अल्टीमेटम दे दिया की जब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होगी तब तक वे अपनी दुकानों को नहीं खोलेंगे। दुकानदार रोष व्यक्त करते हुए विधायक सुभाष सुधा के आवास पर पहुंच गए। विधायक के साथ ही दुकानदार एसपी कार्यालय पहुंचे और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए। एसपी सिमरदीप सिंह ने आश्वासन दिया कि शाम तक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। एसपी के आश्वासन के बाद दुकानदारों ने 4 घंटे के बंद के बाद अपनी दुकानें खोल दीं।
मोहन नगर मार्केट के दुकानदार मंगलवार को सिटी थाने में दुकानदारों के साथ आरोपी के खिलाफ मामला व गिरफ्तार के लिए गए थे। सिटी थाना के कार्यवाहक इंचार्ज ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर सुबह तक पकड़ने के लिए कहा था लेकिन बुधवार सुबह तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हुई और जिसके बाद से मोहन नगर मार्केट के दुकानदारों का गुस्सा भड़क गया और उन्होंने दुकानें बंद कर आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग उठाई।
एसपी से मिलने के बाद दुकानदारों ने बताया कि आरोपी मुख्यत: छोटे दुकानदारों के साथ मारपीट व छिनाझपटी किया करता था। आरोपी शाम 7 बजे के बाद ही मोहननगर मार्केट में आता था जब तक बडे़ दुकानदार अपनी दुकान बंद कर चले जाते थे। दुकानदार पवन गर्ग ने बताया कि उनकी मोहन नगर में बर्तनों की दुकान है। उन्होंने बताया कि कई दिनों से मोनी नामक एक युवक उनसे फिरौती की मांग करता है। दो दिन पहले ही उस युवक ने दुकान पर आकर मुझसे मारपीट की व गल्ले से 5 हजार रुपये निकाल लिए और एक तांबे का बर्तन भी उठा कर ले गया। समाजसेवी रामनरेश यादव ने बताया कि वह मोहन नगर बाजार में किसी काम से आया था। वहीं पर उक्त आरोपी ने उस पर पैसे मांगे। मेरे द्वारा पैसे न देने पर वह मुझसे उलझ पड़ा और देखते ही देखते उसने मुझ पर बोतल से हमला कर दिया। लेकिन उन्होंने डर के मारे पुलिस में कोई शिकायत नहीं दी।
सुरेश कुमार ने बताया कि वह अंडे की रेहड़ी लगाता है। छह दिसंबर को देर शाम मोनी नामक युवक आया और आते ही उसने मुझसे हाथपाई की और मेरी अंडे की रेहड़ी को तोड़ दिया। इसी दौरान करीब रात साढ़े नौ बजे मेरे भाई सतीश कुमार के साथ भी मारपीट की जिसमें मेरे भाई के दांत टूट गए। मंगलवार रात को सिटी थाना में दुकानदार एकत्रित होकर गए थे।
मोहननगर चौक जाम करने की चेतावनी
मोहन नगर दुकानदार मार्केट एसोसिएशन के प्रधान कश्मीरी लाल वधवा और उपप्रधान अशोक ने बताया कि सारी मार्केट पीड़ितों के साथ है। एसपी सिमरदीप सिंह ने उनसे बुधवार शाम तक आरोपी को काबू करने का समय मांगा है। एसपी को वीरवार सुबह तक का समय दिया है। अगर आरोपी पुलिस की गिरफ्त में नहीं आया है तो मोहन नगर दुकानदार एसोसिएशन से संबंधित सभी दुकानदार जिला उपायुक्त से मुलाकात करेंगे और अपनी समस्या के समाधान की मांग करेंगे। इसके बाद मोहन नगर चौक पर जाम लगा कर पुलिस से सही कार्रवाई की मांग करेंगे। अगर यहां भी कुछ समाधान नहीं हुआ तो हम डीजीपी के पास अपनी फरियाद देने में पीछे नहीं हटेंगे। इस दौरान दुकानदार श्यामलाल, रविंद्र तनेजा, मदन, डॉ. भास्कर, राजेंद्र, राजकुमार, अशोक वधवा, रघुबीर गर्ग, लालचंद वधवा, यशपाल वधवा, राजेंद्र बठला समेत भारी संख्या में दुकानदार मौजूद रहे।