कुरुक्षेत्र। बारना गांव का युवक शनिवार को सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया, जिसकी रविवार को ढांड रोड पर मिर्जापुर भाखड़ा पुल के पास बाइक व बैग बरामद हुआ है।
युवक शनिवार सुबह अपने काम पर गया था और शाम तक घर नहीं लौटन पर परिजनों ने उसकी गुमशुदगी दर्ज करवा उसे खोजने की गुहार लगाई थी।
कश्मीर सिंह ने बताया कि उसका 27 वर्षीय पोता सोेनू शहर में बिजली का काम करता है। वह शनिवार सुबह घर से अपनी बाइक पर काम पर गया था, लेकिन शनिवार को देर रात तक घर नहीं पहुंचा। वे लगातार उसको कॉल करते रहे, मगर उसका फोन बंद आया। उनको सूचना मिली कि सोनू की बाइक और बैग नहर किनारे कैथल-नरवाना रेलवे लाइन के पास पड़े मिले हैं।
पुलिस का कहना है कि उनको नहर किनारे लावारिस बाइक खड़ी होनी की सूचना मिली थी। उन्होंने बाइक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। बाइक के नंबर के आधार पर पुलिस सोनू के गांव तक पहुंची तथा परिजनों को सूचना दी। परिजनों के मुताबिक सोनू का किसी से कोई झगड़ा या रंजिश नहीं थी। न ही वह किसी परेशानी में था। अब तक उसका कोई सुराग नहीं लग पाया है। फिलहाल पुलिस की टीम सोनू की तलाश में जुटी है। पुलिस ने रेलवे पुलिस को भी सूचना दी है।