कुरुक्षेत्र।द्रौणाचार्य स्टेडिय़म में ट्रैक का निरीक्षण करते खेल राज्यमंत्री संदीप सिंह।
- फोटो : Kurukshetra
खेल एवं युवा मामले राज्यमंत्री संदीप सिंह रविवार को द्रोणाचार्य खेल प्रांगण का औचक निरीक्षण करने पहुंचे। यहां पहुंचने पर सबसे पहले खेल अधिकारी कक्ष के साथ प्रशासनिक भवन का अवलोकन किया। इस दौरान नए भवन में पाइप लीकेज, लोहे से वस्तुओं पर जंग लगने सहित कई कमियां सामने आई। इन कमियों को गंभीरता से लेने के उपरांत खेल राज्यमंत्री से नए भवन बनाने वाली एजेंसी की फीडबैक ली और खेल अधिकारी को आदेश दिए कि जब तक एजेंसी कमियों को दूर नहीं करती तब तक भवन का चार्ज नहीं लेना है। खेल राज्य मंत्री नए भवन का निरीक्षण करने के बाद जैसे ही खेल प्रांगण में पहुंचे तो खिलाड़ी खेल राज्य मंत्री और ओलंपियन को अपने बीच पाकर गदगद हो गए।
इस दौरान खिलाड़ियों ने खेल प्रांगण से संबंधित कुछ समस्याओं को सामने रखा। खेल राज्य मंत्री ने खेल अधिकारी को शौचालय, पीने के पानी के साथ साथ अन्य समस्याओं को दूर करने के आदेश भी दिए। खिलाड़ियों से बातचीत करने के बाद हॉकी खेल प्रागंण, बास्केटबॉल, स्केटिंग खेल प्रांगण के साथ साथ नए एथलेटिक ट्रैक का निरीक्षण भी किया। यहां अधिकारियों को आदेश दिए कि द्रोणाचार्य स्टेडियम में ज्यादा खिलाड़ियों वाली गेम्स के लिए अच्छे फील्ड तैयार करें ताकि खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय खेल सुविधाएं मिल सके।
उन्होंने कहा कि टोक्यो ओलंपिक में वेटलिफ्टिंग की खिलाड़ी मीराबाई चानू ने देश के लिए मेडल जीतने की शुरुआत कर दी है और उन्हें उम्मीद है कि इस बार डबल डिजिट में मेडल जीतकर खिलाड़ी आएंगें। इसके अलावा प्रदेश में खेलो इंडिया खेलों का भी आयोजन किया जा रहा है। इन खेलों से नए खिलाड़ियों को सामने आने का मौका मिलेगा। इस मौके पर खेल निदेशक पंकज नैन, डीएसओ बलबीर सिंह, जय भगवान, शमशेर सिंह सहित अन्य प्रशिक्षक मौजूद रहे।