कुरुक्षेत्र। बैठक में शामिल होते मेस कर्मचारी।
कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में शुक्रवार को हॉस्टल मेस वर्कर यूनियन की बैठक क्रांति पार्क में हुई। बैठक में कर्मचारियों ने 12 फरवरी को हड़ताल का एलान किया।
बैठक की अध्यक्षता यूनियन के प्रधान सुभाष पारचा ने की। मंच संचालन महासचिव कृष्ण चंद सैनी की ओर से किया गया। बैठक में मेस कर्मचारियों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसमें बताया गया कि 9 जुलाई को मेस कर्मचारियों के पक्ष में हाईकोर्ट का फैसला आया था और 31 दिसंबर 2025 को तमाम कर्मचारियों के मामलों में भी निर्णय सुनाया गया।
इन फैसलों को अब तक लागू न किए जाने पर कर्मचारियों में भारी रोष है। इसके कारण 12 फरवरी को हड़ताल का निर्णय लिया गया है। यूनियन ने यह भी निर्णय लिया कि 19 जनवरी को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। 12 फरवरी की हड़ताल की औपचारिक सूचना दी जाएगी। बैठक में कर्मचारियों की प्रमुख मांगें रखी गईं जिनमें हाईकोर्ट के फैसले को तुरंत लागू करना, न्यूनतम वेतन लागू करना और समान काम के लिए समान वेतन सुनिश्चित करना शामिल है।इस अवसर पर सर्व कर्मचारी संघ के राज्य उपमहासचिव संदीप सांगवान विशेष रूप से उपस्थित रहे।
उनके साथ संघ के पूर्व अध्यक्ष ओमप्रकाश, जितेंद्र बंसल और रामेश्वर आजाद भी मौजूद रहे। वहीं यूनियन के उप प्रधान ख्याली राम, मुख्य सलाहकार रजनीश मिश्रा, सहसचिव उमाशंकर, कोषाध्यक्ष अमन कुमार दुग्गल, प्रेस सचिव भारत लाल सहित रोबी राणा, सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।बैठक में सभी कर्मचारियों ने एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष तेज करने का संकल्प लिया।