इस्माईलाबाद। राइस मिल से घर लौट रहे व्यक्ति पर दो अज्ञात युवकों ने लोहे की रॉड से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमलावर राइस मिलर को जान से मारने की धमकी देकर अपनी बाइक पर फरार हो गए। पुलिस ने राइस मिलर की शिकायत पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
अनिल कुमार वासी विकासनगर इस्माईलाबाद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह जीएस फूड राइस मिल में हिस्सेदार है। 11 अप्रैल की शाम को करीब सात बजे वह अपनी एक्टिवा पर सवार होकर राइस मिल से घर के लिए चला था। पीछे से एक बाइक पर दो युवक आए। बाइक पर पीछे बैठे युवक ने चलते-चलते लोहे की रॉड से उसके सिर पर हमला किया। रॉड लगते ही वह एक्टिवा सहित नीचे गिर गया। उसने देखा कि बाइक पर सवार एक युवक ने हेलमेट पहना हुआ था तथा दूसरे को वह अंधेरे की वजह से पहचान नहीं सका। हमलावर जाते समय उसे जान से मारने की धमकी देकर गए हैं। घायल अवस्था में उसे पिहोवा के एक अस्पताल में दाखिल करवाया गया। अनिल ने बताया कि दिसंबर माह 2021 में भी उसकी एक्टिवा को रोककर दो युवकों ने हमला करने की कोशिश की थी।
थाना प्रभारी जगदीश टामक ने बताया कि मामले के हर पहलू को लेकर जांच की जा रही है। आस पास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। मामले की जांच एएसआई दलेर सिंह कर रहे हैं। जल्द ही मामले को सुलझा दिया जाएगा।