संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। गांव अमीन के पास एक बाइक चालक ने अपने आगे चल रही बाइक को टक्कर मार दी, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त तिलक राज वासी बीड़ अमीन के रूप में हुई। हादसे के बाद आरोपी बाइक चालक फरार हो गया। पुलिस ने बाइक नंबर के आधार पर मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
थाना केयूके में दर्ज शिकायत में दीपक वासी बीड़ अमीन ने कहा कि वह अपनी बाइक पर निजी काम से कुरुक्षेत्र आया था। वापस गांव जाते समय उसका चाचा भी उसे रास्ते मिल गया। वह दोनों अपनी-अपनी बाइक पर कुरुक्षेत्र से अपने गांव जा रहे थे। उसका चाचा उसके आगे अपनी बाइक पर चल रहा था। वह लोग रात करीब साढ़े बजे अमीन पेट्रोल पंप के पास पहुंचे। इस दौरान पीछे से आए बाइक चालक ने उसके चाचा की बाइक में टक्कर मार दी।
इससे उसका चाचा तिलक राज बाइक सहित सड़क पर गिर गया। उसने तुरंत अपनी बाइक रोकी और अपने चाचा को संभाला, जिसके सिर के पीछे व अन्य जगह काफी चोटें लगी हुई थी। उसने एंबुलेंस को सूचना देकर मौके पर बुलाया और चाचा को एलएनजेपी अस्पताल पहुंचा। यहां चिकित्सकों ने उसके चाचा की जांच करके मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना के बाद आरोपी बाइक चालक मौके से फरार हो गया। शिकायत पर पुलिस ने बाइक नंबर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया। पुलिस के मुताबिक शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिया गया है। आरोपी बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसका सुराग लगाया जा रहा है।